ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 14.84 लाख की ठगी
Bulandsehar News - अनूपशहर क्षेत्र के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से 14.84 लाख की ठगी की। एक अनजान व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठग ने शुरुआत में मुनाफा दिखाया और फिर धीरे-धीरे लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगों ने अनूपशहर क्षेत्र के एक व्यक्ति से ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 14.84 लाख की ठगी को अंजाम दिया। ठग ने एक लिंक भेजने के बाद शुरूआत में मुनाफा दिखाया और फिर लगातार लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना साइबर क्राइम में अनूपशहर के एक गांव निवासी पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि 2 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक अनजान व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम अतुल सिंह बताया था। आरोपी फोनकर्ता ने पीड़ित को झांसा दिया कि यदि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग में पैसा निवेश करता है तो उसे कुछ ही समय में लाखों का मुनाफा होगा।
ठग ने पीड़ित को एक निर्धारित रकम लगाने पर 65 लाख रुपये के लाभ का प्रलोभन दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उनको विश्वास में लेने के लिए व्हाट्सएप पर जेमिनीज नाम का एक लिंक भेजा। शुरुआत में पीड़ित को यकीन दिलाने के लिए खाते में कुछ छोटी राशि लगभग 72,736 रुपये का मुनाफा दिखाया गया, ताकि वह बड़े निवेश के लिए तैयार हो जाए। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग किस्तों में रुपये मंगवाना शुरू कर दिया। पुलिस को दिए गए बैंक विवरण के अनुसार, पीड़ित ने 2 जनवरी से लेकर 9 फरवरी 2026 तक विभिन्न बैंक खातों और यूटीआर नंबरों के माध्यम से कुल 14,84,779 रुपये ट्रांसफर किए। एसपी क्राइम नरेश कुमार ने बताया कि साइबर सेल की टीम अब ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर ठगों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


