
सेवानिवृत दरोगा के बैंक खातों से साइबर ठगों ने 14.91 लाख रुपये उड़ाए
Bulandsehar News - सेवानिवृत दरोगा से जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर साइबर ठगी की गई, जिसमें ठगों ने 14.91 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने बैंक से कॉल करने का दावा करने वाले ठग को सारी जानकारी दी। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस कर रही है। इससे पहले एक वृद्ध भी इसी तरह ठगी का शिकार हुआ था।
सेवानिवृत लोगों के लिए आवश्यक जीवन प्रमाण पत्र को ही साइबर ठगों ने ठगी का जरिया बना लिया है। एक सप्ताह के अंदर जिले में जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर साइबर ठगी का दूसरा मामला सामने आया है। इस बार साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत दरोगा से जीवन प्रमाण पत्र के कागजातों के सत्यापन के नाम पर अहम जानकारी हासिल कर ली और उनके खातें से 14.91 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिकंदराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित व्यक्ति दिल्ली पुलिस से दरोगा के पद से सेवानिवृत है।
पीड़ित सेवानिवृत दरोगा ने थाना साइबर क्राइम में तहरीर देकर बताया कि उनका सनौटा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाता खुला हुआ है। पीड़ित के अनुसार 29 नवंबर को बैंक से उनके पास एक फोन आया, जिसमें फोनकर्ता ने कहा कि उनकी पेंशन से संबंधित जीवन प्रमाण पत्र की कुछ जानकारी लेनी है। इसके बाद वह बैंक जाकर जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित समस्त कागजात देकर वापस आ गए। आरोप है कि उसी दिन दोपहर को उनके फोन नंबर पर एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताया और सत्यापन के लिए कॉल करने की जानकारी दी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। पीड़ित ने बैंक कर्मचारी समझकर उसके द्वारा पूछी गई सारी जानकारी दे दी। पीड़ित के अनुसार 30 नवंबर को उसके खाते से दो बार में पांच-पांच लाख रुपये कुल 10 लाख रुपये और 1 दिसंबर को तीन लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। दूसरे खाते से 1 दिसंबर को 1,44,999 रुपये और 3 दिसंबर को 47 हजार रुपये उनके खाते से ट्रांसफर हो गए। इस तरह उनके बैंक खातों से कुल 14,91,999 रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित के अनुसार उनके द्वारा साइबर क्राइम में 4 व 5 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई गई। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर टीम की मदद से मामले की जांच कराई जा रही है। नगर क्षेत्र के वृद्ध से हुई थी ठगी सेवानिवृत दरोगा से जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर ठगी से पहले दिसंबर माह में ही नगर क्षेत्र के एक वृद्ध को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया था। साइबर ठगों ने पीड़ित वृद्ध से उनके जीवन प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के नाम पर मोबाइल पर कुछ नंबर दबवाए और फिर उनके खाते से आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। सेवानिवृत लोगों के लिए महत्वपूर्ण है जीवन प्रमाण पत्र गौरतलब है कि पेंशनभागियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र बेहद आवश्यक है। जीवन प्रमाण पत्र के माध्यम से ही उनके जीवित होने की पुष्टि होती है और पेंशन प्राप्त करने के लिए हर सेवानिवृत कर्मचारी को हर साल इसे जमा करना होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




