
फ्रांस में कैंसर थैरेपी वैक्सीन, इंजेक्शन बनाने के व्यापार का झांसा देकर लाखों की ठगी
संक्षेप: Bulandsehar News - -साइबर ठगों ने खुर्जा के एक उद्यमी से व्हाट्सएप पर संपर्क करने के बाद ठगी को दिया अंजामफ्रांस में कैंसर थैरेपी वैक्सीन एवं इंजेक्शन बनाने के व्यापार क
साइबर ठगों ने खुर्जा के एक उद्यमी से फ्रांस में कैंसर थैरेपी वैक्सीन एवं इंजेक्शन बनाने के व्यापार का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। ठगों ने फ्रांस की कंपनी में महिला मैनेजर और महाराष्ट्र की कंपनी के अधिकारी बनकर खुर्जा के उद्यमी से संपर्क किया और फिर ठगी को अंजाम दिया। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना साइबर क्राइम में खुर्जा नगर के मोहल्ला ख्वेशज्ञान मोर्चा वाली गली निवासी हाजी अब्दुल रहीम खान पुत्र जमील अहमद खां ने तहरीर देकर बताया कि वह अपनी कंपनी गैल एंड जिंक एक्सपोर्ट से एक्सपोर्ट एवं पैकिंग का व्यापार करता है।

उनका विदेश में भी कारोबार है। 7 मई 2025 की सुबह उनके मोबाइल पर ओरानो मेड फ्रांस कंपनी में कार्यरत एक महिला मैनेजर का मैसेज आया, जिसमें उनकी कंपनी से व्यापार करने की बात कही गई। उन्हें फ्रांस में कैंसर की थैरेपी के लिए वैक्सीन एवं इंजेक्शन बनाने से संबंधित व्यापार में साझेदार का ऑफर दिया गया। पीड़ित के अनुसार उक्त महिला द्वारा महाराष्ट्र की बताई गई एक कंपनी में अलग-अलग तिथियों में 36 हजार रुपये, 3.40 लाख रुपये, 4 लाख रुपये, 3.31 लाख रुपये, 2.50 लाख रुपये समेत लाखों रुपये का डिजिटल पेमेंट किया गया। बाद में उक्त कंपनी के सभी मोबाइल और बेवसाइट बंद हो गई। इस तरह उनसे लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में साइबर टीम की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




