
नए साल के जश्न में डूबे युवा, जगह-जगह रंगारंग कार्यक्रम
Bulandsehar News - बुलंदशहर में नववर्ष के आगमन पर जश्न का माहौल था। जैसे ही घड़ी ने बारह बजे, युवाओं ने चौराहों, बाजारों और होटलों में धूमधाम से नए साल का स्वागत किया। सुरक्षा के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और हुड़दंगियों को चेतावनी दी। कुल मिलाकर, नए साल का स्वागत शांति और उल्लास के साथ किया गया।
बुलंदशहर। नववर्ष के आगमन पर जिलेभर में जश्न का माहौल देखने को मिला। जैसे ही घड़ी की सुइयों ने बारह का आंकड़ा छुआ, युवाओं में उल्लास छा गया। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, रेस्टोरेंट, मैरिज होम और निजी आयोजनों में नए साल के स्वागत को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीएम रोड स्थित राजदरबार होटल समेत अन्य होटलों में युवाओं ने ढोल-नगाड़ों, संगीत पर डांस कर नया साल मनाया। कई स्थानों पर आतिशबाजी के साथ एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। नए साल के जश्न के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम किए गए थे।
प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रही। देर रात तक पुलिस गश्त करती रही और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई, वहीं, हुड़दंग करने वालों को चेतावनी देकर मौके पर ही समझाया गया। कुल मिलाकर नए साल का स्वागत हर्षोल्लास और शांति के साथ किया गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे आमजन ने भी राहत की सांस ली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




