हिंदी में 71 अनुपस्थित, कत्थक व जियोस्पेशियल में शत-प्रतिशत उपस्थिति
Bulandsehar News - बुलंदशहर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। सोमवार को हाईस्कूल के हिंदी विषय और इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। छात्रों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। जिले में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 20,000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।

बुलंदशहर, संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं जिले में केंद्रों पर गाइड लाइन के अनुसार चल रही हैं। सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल के मुख्य विषय हिंदी और इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा गया। परीक्षा होने के बाद परीक्षार्थियों ने केंद्रों पर एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। जिले में सीबीएसई की परीक्षाओं को कराने के लिए 27 केंद्र बनाए गए हैं और इन पर 20 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सोमवार सुबह की पाली में हाईस्कूल के हिंदी कोर्स-ए और कोर्स-बी का पेपर हुआ।
हिंदी कोर्स-ए में जनपद भर से कुल 9066 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 8995 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 71 छात्र अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार, हिंदी कोर्स-बी की परीक्षा के लिए कुल 2172 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 2144 ने परीक्षा दी और 28 छात्र केंद्र पर नहीं पहुंचे। हिंदी विषय में छात्रों की उपस्थिति का प्रतिशत काफी ऊंचा रहा। वहीं, इंटरमीडिएट में कत्थक डांस और जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी की परीक्षा आयोजित की गई। इन दोनों ही विषयों में छात्रों का रुझान देखते ही बना। कत्थक डांस में पंजीकृत सभी 52 छात्र परीक्षा में उपस्थित रहे। इसी तरह जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी के पेपर में भी 46 पंजीकृत छात्रों में से सभी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सीबीएसई के जिला नोडल अधिकारी एवं रैनेसा स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक माथुर ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही परीक्षा का संचालन कराया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



