बुलंदशहर : केमिकल फैक्ट्री का संचालक राजकुमार पुलिस की गिरफ्त से दूर
नगर क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद आरोपी संचालक करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस हादसे में पिता-पुत्र समेत पांच...

नगर क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद आरोपी संचालक करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस हादसे में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत की पुष्टि जिला प्रशासन कर चुका है, जबकि दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
पुलिस की जांच के आधार पर सामने आया है कि मोहल्ला गिरधारी नगर निवासी राजकुमार द्वारा सरिता विहार नयागांव में एक भवन को किराए पर लेकर वहां केमिकल का कार्य किया जा रहा था। पुलिस टीम ने तलाशी में राजकुमार के घर से केमिकल एवं अन्य सामान बरामद किया है, जबकि आरोपी राजकुमार घटना के बाद से ही फरार चल रहा है। उधर, मामले की गहन जांच के लिए बुलंदशहर के अलावा आगरा और अलीगढ़ से भी फॉरेंसिक टीम बुलंदशहर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आगरा से आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस टीम द्वारा यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि केमिकल के माध्यम से क्या-क्या सामान बनाया एवं सप्लाई किया जाता था। एसपी सिटी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच में एसआईटी जुटी हुई है। पुलिस टीम द्वारा सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। अन्य जिलों से भी फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। जल्द ही फरार आरोपी राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


