सीसीटीएनएस में प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल हुआ बुलंदशहर
Bulandsehar News - बुलंदशहर की पुलिस ने डिजिटल डेटा प्रबंधन में उत्कृष्टता साबित करते हुए उत्तर प्रदेश में 9वां स्थान प्राप्त किया है। सीसीटीएनएस की ताजा रैंकिंग में, जिले ने 99.98 प्रतिशत स्कोर हासिल किया है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय के अनुसार, बुलंदशहर की पुलिस तकनीकी सेवाओं में भी अग्रणी है और आगे पहले स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बुलंदशहर। डिजिटल डेटा प्रबंधन में भी जिला पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता साबित की है। पुलिस तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) की ताजा रैंकिंग में जिला पुलिस ने प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में मुकाम पाया है। दिसंबर-2025 की सूची में बुलंदशहर को प्रदेश भर में 9वां स्थान प्राप्त हुआ है। जिला बस्ती, हापुड़ और ललितपुर ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के साथ-साथ डिजिटल डेटा प्रबंधन में भी अग्रणी मुकाम हासिल करने की ओर अग्रसर है।
पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, बुलंदशहर पुलिस ने विभिन्न मानकों पर 99.98 प्रतिशत का स्कोर हासिल किया है। सीसीटीएनएस पोर्टल पर एफआईआर की ऑनलाइन फीडिंग, केस डायरी, अपराधियों का डिजिटल रिकॉर्ड और समयबद्ध डेटा अपलोडिंग जैसे कड़े मापदंडों पर जिले के थानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बस्ती, हापुड़ और ललितपुर ने 100 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। जिला महोबा ने चौथा, कन्नौज ने पांचां, रायबरेली ने छठा, कुशीनगर ने सातवां, कासगंज ने आठवां, बुलंदशहर ने नौंवा तथा मुजफ्फरनगर पुलिस ने दसवां स्थान हासिल किया है। बुलंदशहर ने मुजफ्फरनगर जैसे जिलों को पीछे छोड़ते हुए 9वीं रैंक हासिल की है। यह रैंकिंग दर्शाती है कि जिले में पुलिसिंग अब पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी होने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है। अपराधियों को ट्रैक करने में कारगर है सीसीटीएनएस सीसीटीएनएस एक अखिल भारतीय प्रणाली है जो थानों को आपस में जोड़ती है। इस पर डेटा की सटीक फीडिंग से अपराधियों को ट्रैक करना और अंतरराज्यीय जांच में मदद मिलती है। बेहतर रैंकिंग का सीधा मतलब है कि जिले के थानों में आने वाली शिकायतों और कानूनी कार्रवाई का रिकॉर्ड बेहद कम समय में और पूरी पारदर्शिता के साथ पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। कोट--- सीसीटीएनएस जैसे डिजिटल क्षेत्र में प्रदेश में टॉप-10 जिलों में शामिल होना सभी थाना प्रभारियों और सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। आगामी महीनों में जिले को पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




