Bulandsehar News: अधिवक्ता पर जानलेवा हमला-फायरिंग के मामले में कार्रवाई की मांग
Bulandsehar News: बुलंदशहर में अधिवक्ता जाहिद ने आरोप लगाया कि 9 अक्टूबर को वलीपुरा गांव में एक व्यक्ति और उसके साथियों ने उन्हें घेरकर तमंचे से गोली चलाई। जाहिद के अनुसार, वह स्कूटी से भागकर बच निकले। मामला एक गुमशुदगी और दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा बताया गया है। उन्होंने एसएसपी को शिकायत दी, जिन्होंने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Bulandsehar News: बुलंदशहर, संवाददाता। कोतवाली देहात क्षेत्र में एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला और फायरिंग की गई। सोमवार को चांदपुर निवासी पीड़ित जाहिद ने कई अधिवक्ताओं के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। इसमें शिकायतकर्ता जाहिद ने बताया कि करीब दो माह पूर्व वलीपुरा निवासी मुन्ना अपने पारिवारिक विवाद और बहन-भांजे की गुमशुदगी के सिलसिले में कानूनी सलाह लेने आया था। अधिवक्ता की सलाह पर उच्चाधिकारियों के निर्देश से मामले में गंगेरूआ निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली देहात में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उक्त व्यक्ति जिला बदर भी किया जा चुका है। इसी प्रकरण में उच्च न्यायालय द्वारा लापता पीड़िता को बरामद करने के निर्देश जारी होने पर अधिवक्ता ने मुवक्किल मुन्ना को सूचना दी थी।
आरोप है कि 9 अक्टूबर को मुन्ना के बुलाने पर जब अधिवक्ता दोपहर गांव वलीपुरा पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद आरोपी व्यक्ति और तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। अधिवक्ता ने जैसे-तैसे स्कूटी से भागकर अपनी जान बचाई, इसी दौरान जान से मारने की नीयत से उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया गया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। एसएसपी ने मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


