ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बुलंदशहरबसपा ने सर्वाधिक 8, भाजपा 4 और एक पर सपा जीती

बसपा ने सर्वाधिक 8, भाजपा 4 और एक पर सपा जीती

तमाम कयास को ठुकराते हुए नगर निकाय चुनाव में बुलंदशहर जनपद में बसपा ने रिकार्ड जीत हासिल की...

बसपा ने सर्वाधिक 8, भाजपा 4 और एक पर सपा जीती
हिन्दुस्तान टीम,बुलंदशहरSat, 02 Dec 2017 12:04 AM
ऐप पर पढ़ें

तमाम कयास को ठुकराते हुए नगर निकाय चुनाव में बुलंदशहर जनपद में बसपा ने रिकार्ड जीत हासिल की है। 17 निकायों में से सर्वाधिक 8 निकायों में बसपा के प्रत्याशियों ने चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जा किया है। जबकि भाजपा मात्र चार सीटों पर ही सिमटकर रह गई। सपा को केवल एक सीट पर संतोष करना पड़ा। निर्दलीयों ने चार निकायों में अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने में कामयाबी पाई है। परिणाम आने पर विजेताओं के समर्थक खुशी से झूम उठे। वहीं, हारने वालों के समर्थक चुपचाप मतगणना स्थल से खिसक लिए। नगर के डीएवी इंटर कॉलेज और डिग्री कालेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू हुई। यहां पर नगर पालिका बुलंदशहर, गुलावठी सहित नगर पंचायत औरंगाबाद की गिनती हुई। सबसे पहले डाक मतों को गिना गया। उसके बाद अन्य मतों की गिनती शुरू हुई। शुरुआती दौर से ही बुलंदशहर के भाजपा प्रत्याशी मनोज कुमार गर्ग अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मुजाहिद अंसारी पर बढ़त बनाए हुए थे। अंत में जीत भी मनोज कुमार गर्ग की हुई। भाजपा के मनोज कुमार गर्ग ने 40609 मत हासिल कर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मुजाहिद अंसारी को 17159 मतों से पराजित किया। मुजाहिद अंसारी को 23450 वोट मिले। अनूपशहर नगर पालिका चेयरमैन पद पर निर्वतमान चेयरमैन मंजू शर्मा के देवर बसपा प्रत्याशी ब्रजेश कुमार उर्फ गोपाल शर्मा ने 4106 मत हासिल कर सपा के विनीत बंसल को 3595 मतों से हराया है। विनीत बंसल को 3595 मत मिले। डिबाई नगर पालिका सीट पर बसपा के कयामुद्दीन गाजी ने 6537 वोट पाकर निर्दलीय अरुण ठाकुर को 2626 वोटों से पराजित कर चुनाव जीत लिया। अरुण ठाकुर को 3911 वोट मिले। सिकंदराबाद नगर पालिका चेयरमैन पद पर बसपा की बब्बो परवीन ने 15541 वोट पाकर भाजपा के त्रिलोक चंद सैनी को 4168 वोट से हराया। त्रिलोक चंद सैनी को 11373 वोट मिले। गुलावठी नगर पालिका में सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी काले पहलवान ने सीट पर कब्जा बरकरार रखते हुए भाजपा के शैलेश तेवतिया को 4589 वोट से पराजित कर दिया। यहां से काले पहलवान की पत्नी निर्वतमान चेयरमैन हैं। काले पहलवान को 12776 वोट और भाजपा के शैलेश तेवतिया को 8187 वोट मिले। जहांगीराबाद सीट पर भाजपा के डा.सूरजभान माहुर ने 11523 वोट पाकर सपा के अजीत सिंह को 2535 वोटों से हराकर चुनाव जीत लिया। अजीत सिंह को 8990 वोट मिले। खुर्जा नगर पालिका सीट पर निवर्तमान चेयरमैन रफीक फड्डा की पत्नी बसपा प्रत्याशी परवीन फड्डा ने 15541 वोट हासिल कर जीत दर्ज करते हुए भाजपा की विनीता गर्ग को 4926 मतों से पराजित कर दिया। स्याना नगर पालिका चेयरमैन पद पर निर्दलीय नंदराम जाटव ने 7334 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज कराई है। निर्दलीय नंदराम जाटव ने भाजपा की कमला जाटव को 956 वोटों से पराजित किया है। कमला जाटव को 6369 वोट मिले। शिकारपुर में बसपा की फूलवती राना ने 6455 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी लता मधुर को 618 मतों से पराजित कर चुनाव जीता है। लता मधुर को 5837 वोट हासिल हुए। नगर पंचायत नरौरा में भाजपा के विवेक वशिष्ठ ने 3370 वोट पाकर निर्दलीय रेखा देवी को 339 वोटों से पराजित कर जीत दर्ज कराई। रेखा देवी को मात्र 3031 वोट मिले। पहासू में सपा की शबनम ने 2776 वोट पाकर निर्दलीय मलखान सिंह को हराकर चुनाव जीत लिया। मलखान सिंह को 2568 मत मिले। छतारी में बसपा के अशरफ कुरैशी ने कांटे के मुकाबले में 2145 वोट हासिल कर भाजपा के मंगलसैन को मात्र 13 वोट से हराया है। मंगलसैन को 2132 वोट मिले। बुगरासी में निर्दलीय आरिफ सईद खान ने 2624 वोट हासिल कर निवर्तमान चेयरमैन व सपा प्रत्याशी रईस अहमद को 1058 वोट से हराकर चुनाव जीता है। रईस अहमद को 1566 वोट मिले। ककोड़ में निवर्तमान चेयरमैन बसपा प्रत्याशी कुंवर रिजवान ने 2787 वोट पाकर कब्जा बरकरार रखते हुए भाजपा के छिददा सैनी को 273 वोट से पराजित किया है। छिददा सैनी को 2455 वोट मिले। खानपुर में बसपा के मुस्तफा कमाल ने 3275 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी फूल सिंह सैनी को 1400 वोट से हराया। फूल सिंह सैनी को 1875 वोट मिले। औरंगाबाद में कांटे के मुकाबले में निर्दलीय अख्तर ने 3769 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान चेयरमैन राजकुमार लोधी को मात्र 6 वोट से पराजित कर दिया। राजकुमार लोधी को 3763 वोट मिले। बीबीनगर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी महेश रुड़कीवाल ने 2237 वोट पाकर निर्दलीय सरला को 482 वोट से पराजित कर चुनाव जीत लिया। सरला को 1755 वोट मिले। चुनाव परिणाम से बसपा में खुशी का माहौल है। वहीं भाजपा खेमे में जबरदस्त खलबली मची हुई है। कोट---मतगणना कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए हैं। -डा.रोशन जैकब, डीएम

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें