
खाते से निकले 70 हजार रुपए, बैंक मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Bulandsehar News - नरसेना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर और कर्मचारियों पर एक युवक के खाते से 70000 रुपए निकालने का धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। बैंक मैनेजर ने आरोपों को निराधार बताया है।
नरसेना। थाना क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर और कर्मचारियों पर युवक के खाते से धोखाधड़ी कर 70000 रुपए निकालने का आरोप लगा है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पीड़ित की तहरीर पर बैंक मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा आत्मदाह की चेतावनी दी गई थी। वहीं बैंक मैनेजर ने आरोपों को निराधार बताया है। थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां निवासी मुकेश पुत्र श्रीपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका दौलतपुर कलां स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। जिसमें 550000 की एफडी की थी। इसके बाद पीड़ित के खाते में 70000 रुपए शेष बैलेंस था।
आरोप है कि बैंक मैनेजर और कर्मचारी ने लालच में आकर धोखाधड़ी करके पीड़ित के खाते से यूपीआई और एटीएम द्वारा 70000 रुपए निकाल लिए। स्टेटमेंट देखने पर पीड़ित को मामले की जानकारी लगी। पीड़ित ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की तो मैनेजर ने आनन फानन में 95000 रुपए क्रेडिट कर दिए। जिसमें से पीड़ित ने अपने 70 हजार रुपए निकाल लिए। शेष बचे 25000 रुपए बैंक कर्मचारियों ने निकाल लिए। पीड़ित के खाते में एफडी के पैसे निकालने के बाद 70 हजार रुपए शेष बचे थे। बैंक मैनेजर और कर्मचारियों ने धोखाधड़ी करके रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने जब इसके बारे में बैंक मैनेजर से पूछा तो उन्होंने पीड़ित के साथ गाली गलौज की। इस संबंध में थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बैंक मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




