ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बुलंदशहरशामली में हरियाली को चौतरफा हुआ 10.30 लाख पौधों का रोपण

शामली में हरियाली को चौतरफा हुआ 10.30 लाख पौधों का रोपण

- उप्र की उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी, नोडल अधिकारी रितु माहेश्वरी व एमएलसी वीरेन्द्र सिंह ने किया जनपद में विभिन्न स्थानों पर...

शामली में हरियाली को चौतरफा हुआ 10.30 लाख पौधों का रोपण
हिन्दुस्तान टीम,शामलीWed, 06 Jul 2022 01:45 AM
ऐप पर पढ़ें

जिलेभर में मंगलवार को धरा पर हरियाली लाने के लिए चौतरफा पौधरोपण की धूम रही। दिन निकलते ही हर कोई पौधारोपण में जुटा दिखा। शामली में जन आंदोलन 2022 के तहत 10.30 लाख पौधे रोपने का कीर्तिमान स्थापित किया गया। उप्र के उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी, एमएलसी वीरेन्द्र सिंह, जनपद के नोडल अधिकारी एवं सीईओ नोएडा, डीएम , एसएसपी व डीएफओ ने पुलिस लाइन में बरगद का पौधा रोपकर वन महोत्सव का शुभांरभ किया।

आजादी का अमृत महोत्सव श्रृंखला में जिला वृक्षारोपण समिति शामली के तत्वावधान में वृक्षारोपण जन आंदोलन- 2022 कार्यक्रम का आयोजन शक्ति वन,पुलिस लाइन पूर्वी यमुना नहर रामगढ़ गांव में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी व राज्य स्तर से नोडल अधिकारी एवं सीईओ रितु महेश्वरी , एमएलसी वीरेन्द्र सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। बाद में अपने संबोधन में उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि पौधारोपा का कार्यक्रम वाकई अद्भुत है, जिसको आज त्यौहार के रूप में प्रदेश के साथ-साथ जनपद शामली भी मना रहा है।

कहा कि जीवन का आधार वृक्ष है और धरती मां का श्रंगार वृक्ष है, इसलिए जनपद शामली में जन सहभागिता और हर्षोल्लास के साथ लाखों पौधों का रोपहण हो रहा है। पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए पौधारोपण करना करना बहुत जरूरी है,क्योंकि पौधों से हमें ऑक्सीजन मिलती है। उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने हरिशंकरी , नोडल अधिकारी एवं सीईओ रितु महेश्वरी , डीएम जसजीत कौर द्वारा नीम, एमएलसी वीरेन्द्र सिंह ने कदंब का पौधा रोपित किया।

इस अवसर पर डीएम जसजीत कौर ने बताया कि जनपद में कुल लक्ष्य 14,41,706 के सापेक्ष जनपद में 27 विभागों द्वारा जन सहभागिता को जोड़ते हुए 2569 साइट पर10.30 लाख पौधों का रोपण किया गया है। शेष पौधों का रोपण 6 जुलाई व 7 जुलाई के अलावा आगामी 15 अगस्त 2022 को होना है।

कार्यक्रम में एसएसपी अभिषेक,सीडीओ शंभू नाथ तिवारी,एडीएम संतोष कुमार सिंह, डीएफओ डा. विनय कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह ,जिलाध्यक्ष सतेन्द्र तोमर, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिला प्रभारी भाजपा अजय शर्मा , एनसीसी,एनएसएस के कैडे्ट आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ अजय बाबू शर्मा ने किया।

689 बाल वन व 31 युवा वन बनाए गए

मंगलवार को वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के नियंत्रणाधीन स्कूलों में स्कूलों में 689 बाल वन एवं उच्च शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा के नियंत्रणाधीन स्कूलों में 31 युवा वन के अलावा प्रति ब्लॉक 10 शक्ति वन,के अतिरिक्त 50 खाद्य वन भी बनायें जा रहे है।

पर्यावरण की थीम पर रंगोली बनाई, बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

वृक्षारोपण जन आंदोलन कार्यक्रम 2022 के शुभारंभ पर श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं हिंदू कन्या इंटर कॉलेज की बालिकाओं द्वारा नृत्य कर पर्यावरण का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने अद्भूत प्रस्तुति देकर सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों को पौध भेंटकर सम्मानित किया गया।

स्कूल-कालेजों व कई संगठनों ने लिया पौधरोपण कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा

वृक्षारोपण जन आंदोलन 2022 के कार्यक्रम में तहत कई स्कूल-कालेजों एवं सामाजिक संगठनों ने पौधरोपण कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

मंगलवार को शहर के वीवी इंटर कालेज में प्रबंधक समिति द्वारा पौधे लगाये गए। उप प्रबंधक शिवचरण संगल, अग्रवाल सम्मेलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैभव गोयल व प्रधानाचार्य एसके आर्य ने स्कूल प्रांगण में पौधे लगाये। मौके पर सुशील, विनय, मोहर सिंह मौजूद रहे। राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज में भी मुख्य अतिथि जनपद की नोडल अधिकारी रितु माहेश्वरी ने पौधरोपण कर हरियाली का संदेश दिया।

माध्यमिक स्कूल/कॉलिजों को 11160 पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया । प्रधानाचार्य लोकेन्द्र सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर एडीएम संतोष कुमार सिंह एएसपी ओपी सिंह, एसडीएम ऊन निकिता शर्मा, जिविनि सरदार सिंह आदि मौजूद रहे।

गढ़ीपुख्ता। कस्बा गढ़ी पुख्ता के लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाई स्कूल में ईओ योगेन्द्र कुमार व थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पलठेड़ी में पौधरोपण हुआ।

कांधला । विकास खंड कांधला के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय डांगरोल में पौधारोपण अभियान चलाया गया। विद्यालय के छात्रों, ग्रामवासियों,अध्यापकों एवं डायट मुजफ्फरनगर से आए प्रवक्ताओं द्वारा पौधे रोपित किये गये। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधों को रोपना अत्यन्त आवश्यक है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की मूर्ति के पार्क मे वन महोत्सव अभियान की शुरुआत जिला पंचायत सदस्य अरविन्द पंवार और कांधला कॉलेज कांधला के चेयरमैन डॉ साहब सिंह ने छाया दार और अन्य प्रकार के पौधों का रोपण किया। पौधरोपण में सोमपाल सिंह पंवार, विनोद प्रधान, रास्ट्रीय लोकदल नगर अध्यक्ष इरफ़ान तुर्की, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे। ग्राम प्रधान पंजोखरा संदीप फौजी, एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, ब्लाक प्रमुख विनोद मलिक आदि ने शहीद कैप्टन मदन पास स्टेडियम में संयुक्त रूप से पौधरोपण किया।

कैराना। नगर पालिका ने वृक्षारोपण जन आंदोलन के तहत तीन दिवसीय वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ किया है। इसके लिए 2776 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है वहीं, वृक्षारोपण कर धरा को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया। पब्लिक इंटर कॉलेज गेट के निकट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पौधे रोपित किए गए। डिप्टी कलेक्टर/ईओ मणि अरोड़ा ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान तीन दिन तक चलेगा, जिसमें 2776 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शामली-पानीपत मार्ग पर 450 पौधे लगाए जाएंगे।

थानाभवन। मंदिर महादेव जस्सुवाला के प्रांगण में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता के नेतृत्व में नगर पंचायत कर्मचारियों व सभासदों व नागरिकों ने पौधारोपण किया। इस दौरान पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा, सभासद ऋषि पाल सैन, विनोद सैनी, सलीम, पंडित देवेंद्र शर्मा, प्रेमचंद, समाजसेवी प्रवेश, रविकान्त, संजय डिमोरिया, मनीष शर्मा, वसीक अहमद आदि मौजूद रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें