ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बुलंदशहर बुलंदशहर सीट पर 60.90 प्रतिशत मतदान

बुलंदशहर सीट पर 60.90 प्रतिशत मतदान

17वीं लोकसभा के लिए 14वें नंबर की बुलंदशहर सुरक्षित लोकसभा सीट पर ईवीएम की खराबी के कई मामलों के बाद भी 60.90 प्रतिशत मतदान हुआ...

 बुलंदशहर सीट पर 60.90 प्रतिशत मतदान
हिन्दुस्तान टीम,बुलंदशहरThu, 18 Apr 2019 11:50 PM
ऐप पर पढ़ें

17वीं लोकसभा के लिए 14वें नंबर की बुलंदशहर सुरक्षित लोकसभा सीट पर ईवीएम की खराबी के कई मामलों के बाद भी 60.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। बुलंदशहर की जनता ने मतदान में वर्ष 2014 का रिकॉर्ड तोड़ डाला। वर्ष 2014 में 59.83 प्रतिशत मतदान हुआ था। एडीजी प्रशांत कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी, एसएसपी और प्रेक्षकों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। बूथ में वोटर से आशीर्वाद लेने पर सांसद भाजपा प्रत्याशी भोला सिंह को चार घंटे के लिए नजरबंद कर दिया गया। मतदान शांतिपूर्ण होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बुलंदशहर सीट पर किस्मत आजमा रहे 9 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। मतगणना 23 मई को होगी। गुरुवार की सुबह सही 7 बजे बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के पांचों विधानसभा क्षेत्रों बुलंदशहर सदर, स्याना, अनूपशहर, डिबाई और शिकारपुर में बनाए गए 2092 मतदेय स्थलों पर मतदान शुरू हो गया। मतदान के शुरुआती दौर में ही करीब 50 से अधिक स्थानों पर ईवीएम खराब हो गईं। इसके लिए चलते डिबाई के नाहरी में करीब 3 घंटे और जहांगीराबाद के बीपीएस इंटर कॉलेज में तीन ईवीएम खराब होने से लगभग 2 घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। बुलंदशहर सीट पर मतदान के साथ ही भाजपा के सांसद भोला सिंह, बसपा गठबंधन के योगेश वर्मा, कांग्रेस के बंसी पहाड़िया सहित 9 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। नगर के जेपी जनता इंटर कॉलेज बूथ में भाजपा का पटका गलें में डालकर जाने और वोटरों से बात करने पर सांसद भोला सिंह को निर्वाचन आयोग ने शाम 4 बजे तक नजरबंद कर दिया। डीएम पर भी आरोप लगा कि उन्होंने सांसद के फोन से अर्द्धसैनिक बल के जवान को उन्हें अंदर जाने देने का आदेश दिया। स्याना हिंसा प्रभावित गांव चिंगरावठी, महाव और नयाबांस में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पहासू के एक बूथ का ईवीएम पर वोट डालने का कथित फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। औरंगाबाद के एक बूथ पर एक मतदाता ने आरोप लगाया कि उसने हाथी का बटन दबाया और वोट फूल पर गया। इसका भी वीडियो वायरल हुआ। हालांकि डीएम अभय सिंह ने इसे केवल अफवाह और गलत बताया। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल के साथ अद्र्धसैनिक बल के जवान तैनात रहे। शिकारपुर के अब्दुल्लापुर हुलासन गांव में एक युवक ने हाथी की जगह गलती से फूल का बटन दबने पर अपनी उंगली काट ली। हालांकि उसे समय रहते उपचार दिला दिया गया। बुलंदशहर लोकसभा सीट पर शांतिपूर्ण ढंग पूरी तरह निष्पक्ष मतदान हुआ है। लगभग 60.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को बधाई। ईवीएम को डबल लॉक में रखवाया गया है। सशस्त्र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। - अभय सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें