खेलते समय गिरे बच्चे के गले से आरपार हुआ सरिया
Bulandsehar News - खेलते समय गिरे बच्चे के गले से आरपार हुआ सरिया
नगर क्षेत्र के गांव नयागांव मिर्जापुर में 10 साल के बच्चे का निर्माणाधीन मकान से गेंद निकालने के दौरान पैर फिसल गया और जमीन पर लगे सरियों के ऊपर जा गिरा। एक सरिया उसके सीने से होकर गर्दन में होकर पार हो गया। सरिए समेत बच्चे को लेकर पीड़ित परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। दिल्ली के एक अस्पताल में आपरेशन कर बच्चे का सरिया बाहर निकाला जाएगा। नगर क्षेत्र के गांव नयागांव मिर्जापुर में राजकुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। राजकुमार वायरिंग का काम करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी अनीता और तीन बच्चे दिव्यांश, ऋषभ और पुत्री वंदना हैं।
बताया जाता है कि शनिवार सुबह ईद की छुट्टी होने के कारण ऋषभ (10 वर्ष) अन्य बच्चों के साथ गली में क्रिकेट खेल रहा था। खेलने के दौरान उनकी गेंद एक समीपवर्ती निर्माणाधीन मकान में चली गई। गेंद लेने के लिए ऋषभ उस मकान के अंदर चला गया और एक स्थान पर चढ़कर गेंद निकालने का प्रयास करने लगा। अचानक पैर फिसलने से ऋषभ नीचे जमीन पर गिरा। जमीन में से सरिया निकली हुई थीं, जो उसके सीने से घुसकर गर्दन के आरपार हो गई। शोर सुनकर बच्चे की मां अनीता मौके पर पहुंच गई। बच्चे की हालत देखकर परिजनों एवं आसपास के लोगों में कोहराम मच गया। गैस कटर की मदद से सरिए के निचले हिस्से को काटा गया और बच्चे को सरिए के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।दिल्ली में चल रहा ऑपरेशनपीड़ित मां अनीता ने बताया कि बच्चे को बुलंदशहर से रेफर करने के बाद दिल्ली अस्पताल में ले जाया गया है। यहां एक अस्पताल में उसका आपरेशन किया जा रहा है।कोट--सरिया बच्चे के सीने से होते हुए गले तक पार हो गया है। इसके बावजूद बच्चा सही से सांस ले रहा है और खून भी नहीं बहा है। बच्चा लगातार बातें कर रहा है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। हायर मेडिकल सेंटर में आपरेशन से सरिया बाहर निकाला जाएगा।-डा.प्रदीप राना, सीएमएस, जिला अस्पताल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


