
जीजा को बचाने के लिए साले ने नदी में लगाई छलांग, दोनों डूबे; पिकनिक मनाने गया था परिवार
झांसी में मंगलवार को पिकनिक मनाने पहुंचे जीजा-साले नदी में डूब गए। दरअसल, जीजा गहरे पानी में जाकर डूबने लगा तो उन्हें बचाने के लिए साले ने भी छलांग लगा दी। इसके बाद दोनों नजरों से ओझल हो गए। शाम तक दोनों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी रही।
यूपी के झांसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां मोंठ थाना क्षेत्र में बेतवा नदी के खिरियाघाट पर मंगलवार दोपहर को पिकनिक मनाने पहुंचे जीजा-साले नदी में डूब गए। दरअसल, जीजा गहरे पानी में जाकर डूबने लगा तो उन्हें बचाने के लिए साले ने भी छलांग लगा दी। इसके बाद दोनों नजरों से ओझल हो गए। एसडीआरएफ ने देर शाम तक गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की पर पता नहीं चला।

कानपुर देहात के नबीपुर के रहने वाले 21 वर्षीय आरिफ, पत्नी आफरीन और तीनों बच्चों के साथ मोंठ थाना क्षेत्र के मोहल्ला मदारगंज में रहने वाले 19 वर्षीय साले अरबाज उर्फ भोलू के घर आए हुए थे। मंगलवार दोपहर सभी लोग खिरियाघाट पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। आफरीन ने बताया कि सभी लोग किनारे पर बैठे थे। उसके पति और भाई नदी के किनारे पर नहाने लगे। इसी बीच आरिफ तेज बहाव में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए अरबाज भी गहरे पानी में कूद गया। इसके बाद दोनों को पता नहीं चला। सूचना पर एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, सीओ मोंठ अजय श्रोत्रीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू कराई। सीओ के मुताबिक बुधवार सुबह फिर से दोनों की तलाश शुरू कराई जाएगी।
शाहजहांपुर में रील बनाने के दौरान बाढ़ के पानी में डूबे दो दोस्त
उधर, शाहजहांपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान बाढ़ के तेज बहाव में बह गए दो दोस्तों के शव बरामद हो गए हैं। शनिवार को घुसवारी गांव के श्रीपाल कश्यप का बेटा कमल कश्यप और श्री राम का बेटा रिंकू अपने तीन अन्य साथियों के साथ सुभाष नगर रोड किनारे गर्रा नदी के बाढ़ के पानी में नहाने आए थे। मौजूद लोगों के अनुसार, पांचों दोस्त काफी देर तक नहाए और इसके बाद सोशल मीडिया पर रील बनाने लगे। इसी दौरान कमल और रिंकू पानी के तेज बहाव में सड़क किनारे बने गड्ढे में बह गए और डूब गए।





