Hindi NewsUP NewsBrother beaten with sticks and rods after his bike was stopped on the road sisters kept screaming Watch the VIDEO
सरेराह बाइक रोककर भाई को लाठी-डंडों से पीटा, चीखती रहीं बहनें, देखिए VIDEO

सरेराह बाइक रोककर भाई को लाठी-डंडों से पीटा, चीखती रहीं बहनें, देखिए VIDEO

संक्षेप:

दो बहनों के साथ बाइक से जा रहे चचेरे भाई को आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने घेर कर रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से पीटने लगे। पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बहनें रहम के लिए गुहार लगाती रहीं लेकिन कोई असर नहीं हुआ।

Jan 10, 2026 01:51 pm ISTYogesh Yadav बस्ती
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने सरेराह एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के डारीडीहा चौराहे के पास हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। दो बहनों के साथ बाइक से जा रहे चचेरे भाई को आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने घेर कर रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से पीटने लगे। पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बहनें रहम के लिए गुहार लगाती रहीं लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इस दौरान आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रहम की गुहार लगाती रहीं बहनें, नहीं पसीजा दिल

लालगंज थाना क्षेत्र के समसपुर निवासी साहिल सिंह उर्फ विक्रांत सिंह अपनी दो बहनों को बाइक पर बैठाकर गांव जा रहे थे। डारीडीहा चौराहे के पास पहले से घात लगाए दबंगों ने उसकी बाइक रुकवा ली। हमलावरों ने साहिल को बाइक से खींचकर सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसों व बांस के डंडों से मारना शुरू कर दिया।

साहिल की बहनें अपने भाई की जान बचाने के लिए हमलावरों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रहीं, लेकिन हमलावरों पर खून सवार था। वे लगातार वार करते रहे। हृदय विदारक बात यह रही कि चौराहे पर मौजूद दर्जनों लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव की हिम्मत नहीं दिखाई।

वीडियो बना पुलिस के लिए बड़ा सुराग

घटना के दौरान एक राहगीर ने साहस दिखाते हुए इस पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में हमलावरों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा साक्ष्य साबित हो सकते हैं।

कोचिंग विवाद बनी हमले की वजह

सोनूपार चौकी प्रभारी कामेश्वर मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कोचिंग में पढ़ाई के दौरान लड़कों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने रास्ते में घेराबंदी कर इस वारदात को अंजाम दिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी विनय सिंह (निवासी डारीडीहा) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।