Hindi NewsUP NewsBrother and sister died due to snake bite in Muzaffarnagar, Nagraj came out on a scooty in Meerut
सगे भाई-बहन की सांप के डंसने से मौत, मेरठ में स्कूटी में निकले नागराज

सगे भाई-बहन की सांप के डंसने से मौत, मेरठ में स्कूटी में निकले नागराज

संक्षेप:

यूपी के मुजफ्फरनगर में सगे भाई-बहन की सांप के डंसने से मौत हो गई। घर में सोते समय दोनों के बिस्तर पर चढ़े सांप ने भाई के होंठ और बहन की उंगली पर डंस लिया। शामली के अस्पताल में दोनों की मौत हो गई। वहीं, मेरठ में स्कूटी से सांप निकलने से हड़कंप मच गया।

Mon, 18 Aug 2025 11:03 PMYogesh Yadav मेरठ/मुजफ्फरनगर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरनगर में एक परिवार के साथ दर्दनाक घटना हुई है। सांप के डंसने से एक साथ मासूम सगे भाई बहन की मौत हो गई। घटना थाना फुगाना के गांव करौदा महाजन में घर के अंदर सोते समय हुई। एक साथ परिवार के दो मासूमों की मौत से घर में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पूरे गांव में मातम पसर गया। इस बीच, घर के एक कोने में बैठे सांप पर भी नजर पड़ी। जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। वहीं, मेरठ में एक स्कूटी में सांप देखकर हड़कंप मच गया। लोगों ने स्कूटी को सड़क पर गिराकर किसी प्रकार उसमें से सांप को निकाला।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मुजफ्फरनगर में सांप के डंसने की घटना करौदा महाजन निवासी राजेश कुमार के घर पर हुई। राजेश कुमार पंजाब के जालंधर में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी प्रतिभा अपनी 11 वर्षीय बेटी तमन्ना और सात वर्षीय बेटे पारस के साथ गांव में रहती हैं। रविवार रात दोनों बच्चे बिस्तर पर सो रहे थे। तभी विषैले सांप ने पारस के होंठ और तमन्ना की अंगुली पर डंस लिया। सांप के डंसते ही बच्चों की चीख सुनकर मां प्रतिभा की नींद खुली। पहले तो वह समझ नहीं सकी कि हुआ क्या है। इसी बीच बच्चों की हालत बिगड़ने लगी और वे तड़पने लगे।

ये भी पढ़ें:15 साल की लड़की को खेत में खींचकर गैंगरेप, वीडियो भी बनाया, आहत किशोरी ने दी जान

घबराकर उन्होंने गांव के एक चिकित्सक को बुलाया। उसने बच्चों की गंभीर हालत देखकर तुरंत उन्हें शामली के अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन आनन-फानन में दोनों को शामली अस्पताल लेकर गए। वहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह दोनों ने दम तोड़ दिया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही जालंधर में काम करने वाले पिता राजेश कुमार भी बदहवास हालत में शामली पहुंचे। अस्पताल से लौटते समय एक आखिरी उम्मीद में, परिजन दोनों बच्चों के शवों को झाड़-फूंक कराने के लिए भी ले गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार के घर पर सन्नाटा छाया है।

स्कूटी में निकला सांप, मच गया हड़कंप

मेरठ में बेगमपुल के पास सोमवार को एक स्कूटी में सांप निकल आने से हड़कंप मच गया। आधे घंटे मशक्कत कर स्कूटी को गिराकर इसमें से सांप को निकाला गया। इस घटना के बाद स्कूटी चालक दहशत में आ गया। स्कूटी से जब बड़ा सा सांप बाहर आया तो लोग हैरान रह गए।

सोमवार दोपहर जीआईसी के सामने एक युवक स्कूटी खड़ी कर कोई काम करने गया। वापस आया तो देखा कि स्कूटी में बड़ा सा सांप है। आहट होते ही सांप स्कूटी के सीट के नीचे घुस गया। उसके बाद हंगामा हो गया। लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्कूटी से सांप को निकालने के लिए स्कूटी को गिरा दिया गया। लोग वीडियो भी बनाने लगे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्कूटी के अंदर घुसे सांप को निकाला जा सका। स्कूटी से निकलते ही सांप निकल भागा। इस बीच लोग लगातार वीडियो बनाते रहे।