काम नहीं किया तो छोड़ेंगे नहीं, यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव को भाजपा विधायक बृजभूषण की चेतावनी
महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने शुक्रवार को यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को कई प्रधानों के साथ मिलकर रोक लिया। इस दौरान दोनों की नोकझोंक हुई। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर काम नहीं हुआ तो छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि यह पीएम मोदी की योजना है।

यूपी मे महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत की अपने ही सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भिड़ंत हो गई। उन्होंने कई गांवों के प्रधानों के साथ मंत्री का काफिला रोक लिया और जल जीवन मिशन में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा विधायक काफी नाराज नजर आए और चेतावनी दी कि अगर काम नहीं हुआ तो छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना है। बृजभूषण ने हर घर जल योजना पर कहा कि इसके काम पूरे करवाने के लिए किसी को भी रोकना पड़े रोकूंगा।
महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा, ''हर घर जल योजना पीएम मोदी की योजना है। उसका कार्य पूरा करवाने के लिए किसी को भी रोकने की जरूरत पड़ेगी तो रोकूंगा। यह जनता की समस्या का समाधान करने के लिए जनता ने मुझे चुना है और पार्टी ने टिकट दिया है। जनता की सेवा करने के लिए किसी को भी रोकना पड़े तो यह मेरा कर्तव्य है और उससे पीछे नहीं उठूंगा। योजना छह साल से चल रही है और अभी तक काम पूरे नहीं हो रहे।''
उन्होंने आरोप लगाया कि टंकियां चूं रही हैं, सड़कें खुदी हुई हैं, जलभराव है, ऐसी समस्याओं के बारे में मंत्री को अवगत करवाया है। उन्होंने 20 दिन का समय मांगा और कहा कि ये सब ठीक होना चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैं भी चलता हूं, निरीक्षण करता हूं, लेकिन वे नहीं गए। अब 20 दिन का समय लिया, काम करते हैं या नहीं, उनके कार्यशैली पर निर्भर करेगा। अगर वे काम करते हैं तो अच्छी बात है, लेकिन नहीं करेंगे तो हम छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि ये पीएम मोदी की योजना है।
पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक ने आगे कहा, ''हमारे लिए जनता जरूरी है, उनके काम जरूरी है। यहां कई प्रधान आए हैं कि काम अच्छा नहीं हो रहा है। कार्यक्रम हमारे लिए जरूरी नहीं है, जनता की सेवा जरूरी है। सरकार की योजना सही से चल रही है या नहीं, यही तो मंत्री का कर्तव्य है, वह इसे पूरा करें। मेरा बर्ताव अच्छा नहीं लगा तो नमस्ते। जनता के लिए चुना गया हूं, उसके लिए लड़ूंगा।'' उन्होंने कहा कि मैं बातों से संतुष्ट होने वाला विधायक नहीं हूं, काम जब पूरा हो जाएगा, तब हो जाऊंगा। काम नहीं होगा तो जनता के साथ, प्रधानों के साथ लखनऊ जाना पड़ेगा तो जाएंगे।
भाजपा विधायक की मंत्री संग हुई नोकझोंक
दरअसल, यूपी सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर महोबा पहुंचे थे। यहां पर उन्हें भाजपा विधायक बृजभूषण ने कई गांवों के प्रधानों के साथ घेर लिया और हर घर जल योजना के तहत होने वाले कार्यों के पूरे न होने का आरोप लगाया। दोनों के बीच काफी नोकझोंक हुई। भीड़ इकट्ठी होने के बाद मंत्री ने भाजपा विधायक को अपनी गाड़ी में ही बैठा लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां बैठक हुई। हालांकि, इसके बाद भी भाजपा विधायक के तेवर में बदलाव नहीं आया और दो टूक कहा कि 20 दिन का समय मांगा गया है और अगर काम पूरे नहीं हुए तो लखनऊ जाएंगे।
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ें


