बरी होकर घर लौटे बृजभूषण शरण सिंह का शक्ति प्रदर्शन, बोले- मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता

लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी के बाहुबली  नेता और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने महिला यौन शोषण आरोपों से बरी होने के बाद अपने जिले में शक्ति प्रदर्शन किया। दबदबा स्टाइल में अयोध्या से गोंडा तक उनका काफिला निकला और नंदनी कॉलेज में समारोह का आयोजन हुआ।

Brij Bhushan Sharan Singh stages a show of strength
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने यौन शोषण आरोपों से बरी होने के बाद गुरुवार को अयोध्या से गौडा विशाल काफिले के साथ पहुंचे।

महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से बरी होने के बाद पहली बार अपने गृह जिले गोंडा पहुंचने पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शक्ति प्रदर्शन कर एक बार फिर अपने दबदबे का इजहार किया। नंदनी कॉलेज में बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर सत्यमेव जयते समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में अयोध्या के साधु-संत भी पहुंचे। भोजपुरी के कलाकारों ने गीत-संगीत से समा बांधा। बृजभूषण ने शायरी के जरिए अपने दिल की बात रखी। कहा, ‘मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता’। गोंडा आने से पहले अयोध्या के हनुमानगढ़ी जाकर बजरंग बली का आशीर्वाद भी लिया।

बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली से चार्टर्ड प्लेन से अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे। वहां पहले से ही उनके स्वागत में भारी हुजूम जुटा था। गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ वह पहले हनुमानगढ़ी पहुंचे और दर्शन पूजन किया। वहां से विशाल काफिले के साथ खुली जीप पर बैठकर अयोध्या से नन्दिनी के लिए निकले। इस दौरान जगह-जगह पर फूल माला और फूल बरसाकर समर्थकों ने दिल खोलकर स्वागत किया।

संतों-महंतो ने दिया आशीर्वाद

नंदिनी स्टेडियम के मंच पर पहुंचे तो गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद अयोध्या के संत-महंतों के आशीर्वचन से सत्यमेव जयते रैली का शुभारम्भ हुआ। मंच साधु-संतों के मौजदूगी से अभिभूत बृजभूषण ने कहा की मेरा जीवन अयोध्या के तपस्वी का दिया हुआ जीवन है, मेरे जीवन के व्यक्तिगत और राजनैतिक दोनों ही यात्रा में संतों का सहयोग, सान्निध्य और आशीर्वाद मिलता रहा है।

मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता

अपने संबोधन की शुरुआत बृजभूषण ने एक शायरी से की। बोले, मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता, पर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाता। कहा कि दुनिया में यौन उत्पीड़न आरोप का इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ। इस आंदोलन के दौरान उनके पक्ष में मिले लोगों का समर्थन भी अभूतपूर्व रहा।

भोजपुरी के स्टार गायकों से सजी महफिल

सत्यमेव जयते का मंच भोजपुरी गानों के सितारों से गुलजार रहा। अपने मधुर गायकी सें युवाओं में लोकप्रिय हुए बिहार के रितेश पाण्डेय, खुशी कक्कड़, गगनदीप सिंह और गुड्डू दूबे समेत अनेक स्थानीय कलाकारो ने अपनी गायकी से महफिल को गुलजार किया। थारू जनजाति कि बेटियों ने अपना परम्परागत समूह नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन सिह ने किया।

सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन कर लिया आशीर्वाद

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली से चार्टर्ड फ्लाइट से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरे। यहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। ढोल नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका यहां स्वागत किया गया। इसके बाद उनका काफिला प्रयागराज हाइवे से लखनऊ हाइवे होते हुए अयोध्या धाम की ओर बढ़ा। काफिले में बड़ी संख्या में कार और बाइक शामिल रहीं।

अयोध्या धाम पहुंचने पर हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन पूजन किया। हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद वह गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सत्यमेव जयते महारैली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनके बेटे और गोंडा से विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह भी मौजूद थे। भारी हुजूम पर कहा कि लोगो में उत्साह है। सत्य की जीत हुई है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsबरी होकर लौटे बृजभूषण सिंह का शक्ति प्रदर्शन, बोले- झुक जाता तो मसला हल हो जाता