
वरमाला के बाद दुल्हन गांव के ही आशिक संग भागी, दूल्हे के टूटे अरमान, बैरंग लौटी बारात
उन्नाव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वरमाला के कुछ ही देर बाद दुल्हन अपने गांव के ही युवक संग फरार हो गई। भोर होते ही भवरों की रस्म से पहले दुल्हन के गायब होने से शादी समारोह में हड़कंप मच गया। आखिर में बारात को बिना दुल्हन ही लौटना पड़ा।
यूपी के उन्नाव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कोतवाली क्षेत्र के गांव में शनिवार देर रात वरमाला के बाद दुल्हन गांव के ही युवक के साथ भाग निकली। काफी खोजबीन के बाद भी जब दुल्हन नहीं मिली तो दूल्हा और बारात बिना दुल्हन के ही वापस चली गई। वहीं, बेटी के पिता ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मजदूर पिता ने अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करने के लिए डेढ़ महीने पहले ही तीन बिस्वा भूमि 8 लाख रुपये में बेच दी थी।
पुरवा कोतवाली के एक गांव में शनिवार को युवती की शादी थी। बारात क्षेत्र के ही गांव भादिन से बड़े ही धूमधाम से गाजे-बाजे और डीजे के साथ आई थी। जनातियों ने बड़े ही धूमधाम से बारातियों का स्वागत किया। धूमधाम के बीच जयमाल पड़ा। वरमाला की रस्म खत्म होने के बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई, जबकि दूल्हा खाना पीना खाकर बारातियों के साथ जनवासे आ गया। इसी बीच रविवार अलसुबह भवरों की रस्म अदायगी का समय आया तो दुल्हन को कमरे से लेने के लिए घर वाले पहुंचे तो वह गायब थी।
परिजनों ने खोजबीन की तो पता चला कि गांव का ही एक युवक दुल्हन को अपने साथ लेकर कहीं भाग गया है। दुल्हन के पिता ने फोन से युवक से बात की तो बेटी के साथ होने की जानकारी दी गई। फोन पर बेटी से बात करने पर बताया गया कि वह युवक के साथ ही रहेगी और घर वापस नहीं आएगी। आखिर में बारात बिन दुल्हन के ही वापल लौट गई। उधर, बेटी के पीड़ित पिता ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, इस मामले में इंस्पेक्टर अमरनाथ यादव ने बताया है कि दुल्हन के गायब होने के सूचना मिली है। फिलह मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।





