
बैंक से नीलामी में प्लॉट खरीदा, नक्शा पास करा मकान बनवाया; अब LDA के इंजीनियरों ने गिरा दिया
एलडीए उपाध्यक्ष ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि इसमें पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही रही है। प्राधिकरण ने 27 जून 2014 को यहां के लेआउट में परिवर्तन किया। लेआउट बदलने से भूखंड संख्या 4/542 गायब हो गया। नए लेआउट में इस नंबर का भूखंड ही नहीं बना, जिससे यह मिसिंग हो गया।
यूपी के लखनऊ में विकास मिश्रा ने अपनी पत्नी दीपा मिश्रा के नाम गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में बैंक से नीलामी के जरिए भूखंड संख्या 4/542 खरीदा। रजिस्ट्री हो गई। एलडीए ने नक्शा पास कर दिया। घर भी बन गया। फिर अचानक एलडीए के इंजीनियरों ने मकान गिरवा दिया और दूसरे को कब्जा दे दिया। इससे वह बेघर हो गए हैं। अब एलडीए उनसे फ्लैट लेने को कह रहा है। गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में लगे नागरिक सुविधा दिवस में पहुंचकर उन्होंने कमिश्नर विजय विश्वास पंत व एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को अपनी पीड़ा बताई। अधिकारियों ने उन्हें फ्लैट लेने का ऑफर दिया है, जिससे उन्होंने इनकार कर दिया।
एलडीए उपाध्यक्ष ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि इसमें एलडीए के पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही रही है। प्राधिकरण ने 27 जून 2014 को यहां के लेआउट में परिवर्तन किया। लेआउट बदलने से भूखंड संख्या 4/542 गायब हो गया। नए लेआउट में इस नंबर का भूखंड ही नहीं बना, जिससे यह मिसिंग हो गया। ऐसे में जिस जमीन पर पहले कब्जा था, वह भूखंड संख्या 4/540 हो गया। इस भूखंड के आवंटी राम जियावन वर्मा थे। एलडीए ने उनको प्लॉट का कब्जा दिलाने के लिए 4/542 के मालिक का कब्जा खत्म कर दिया। अब विकास मिश्रा बेघर हो गए हैं और वे एलडीए के नागरिक सुविधा दिवस पर समाधान के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश
उपाध्यक्ष ने लेआउट परिवर्तन और परिवर्धन के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में इसकी जांच कमेटी बनाई गई है। जो इसमें जिम्मेदार होंगे, उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की बात उपाध्यक्ष ने कही है।
आवंटन घोटाले पर कार्रवाई की मांग
रामनगर धोबी घाट ऐशबाग योजना में पूर्व में हुए भूखंड आवंटन घोटाले की जांच की मांग के लिए भानु प्रताप सिंह सहित कई लोग नागरिक सुविधा दिवस पहुंचे। भानु प्रताप सिंह ने कहा कि यहां एलडीए ने सपा के एक नेता और उनके रिश्तेदारों के नाम 80 भूखंड आवंटित कर दिए, जबकि जमीन यहां रहने वाले लोगों को पट्टा देने के लिए आरक्षित की गई थी। अब इस पर एक विशेष परिवार के लोगों को कब्जा भी दिलाने की तैयारी है।
गोमतीनगर विस्तार में अवैध कब्जे से परेशान
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में अवैध कब्जे की शिकायत लेकर यहां की जनकल्याण समिति वैष्णव खंड की अध्यक्ष नीलिमा जोशी अपने साथियों के साथ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की वजह से यहां रहना मुश्किल हो गया है। विकास कार्य भी अधूरा है। उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई।





