
इंडिगो एयरलाइन्स के विमान में बम की सूचना से हड़कंप, वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
हैदराबाद से वाराणसी आ रहे विमान में बम की सूचना पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान को तय समय से 35 मिनट पहले उतारा गया। सीआईएसएफ के जवानों ने प्लेन की सघन जांच की लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
यूपी के वाराणसी में इंडिगो एयरलाइन्स के विमान में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। रनवे पर विमान के उतरने से पहले ही सुरक्षा कर्मी पहुंच गए। जैसे ही विमान रनवे पर उतरा तो जवानों ने विमान को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई 6719 रविवार को 4.35 बजे हैदराबाद से 231 यात्रियों को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुआ। इसमें सात क्रू मेंबर्स भी थे। इसी दौरान किसी यात्री ने शरारतवश विमान को बम से उड़ाने का धमकी भरा नोट कागज पर लिखकर टॉयलेट में रख दिया था। जिसपर एक क्रू मेंबर की नजर पड़ी। तत्काल पायलट को इसकी सूचना दी। इसके बाद वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अधिकारियों को बताया गया। इसकी सूचना वायरलेस सेट पर प्रसारित होने लगी। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
विमान की निर्धारित समय शाम 6.30 बजे से 35 मिनट पहले 5.55 बजे ही इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान को आइसोलेशन वे पर खड़ा किया गया। यात्रियों को उतारकर अराइवल एरिया में बैठाया गया। उनके सामान की गहनता से जांच करने के बाद उन्हें सौंपा जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए 25 एम्बुलेंसों को भी मौके पर बुलाया लिया गया था। मौके पर एटीएस के अधिकारी, डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, फूलपुर थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहुंच गए थे। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि किस यात्री ने यह शरारत की है। उसे चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
कोहरे से शारजाह से आ रहा विमान दिल्ली डायवर्ट
कोहरे के चलते रविवार सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पर दृश्यता काफी कम रही। इससे विमानों के संचालन पर खासा असर पड़ा। शारजाह से वाराणसी आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को एक घंटे तक हवा में चक्कर काटने के बाद दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह का विमान अपने निर्धारित समय से उड़ान भरकर सुबह 9.40 बजे वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचा। इसमें 186 यात्री सवार थे। यहां दृश्यता सामान्य से कम होने पर विमान हवा में लगभग एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। इसपर पायलट दल ने दिल्ली एटीसी से सम्पर्क कर विमान उतारने की अनुमति मांगी। विमान को डायवर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। दोपहर करीब तीन बजे यह विमान वापस वाराणसी पहुंचा। सुबह 11.30 बजे के बाद विमानों का संचालन सामान्य हुआ।
नौ घंटे लेट कैंट पहुंची सेनानी
वाराणसी। नई दिल्ली रूट से आने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 9.10 घंटे, बनारस सुपरफास्ट 5.10 घंटे, मालदा टाउन वीकली एक्सप्रेस 4.30 घंटे, फरक्का एक्सप्रेस 4 घंटे, शिवगंगा एक्सप्रेस 3.15 घंटे, भृगु सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3 घंटे लेट रहीं। वहीं, अन्य रूटों की हापा-नाहरलागुन स्पेशल 4 घंटे, इंदौर-पटना एक्सप्रेस 3 घंटे, दून एक्सप्रेस 2.30 घंटे, मरुधर एक्सप्रेस 3 घंटे समेत हुबली-बनारस वीकली एक्सप्रेस, लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस भी विलंबित रहीं।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



