मुंबई से वाराणसी आ रहे एयर इंडिया विमान में बम की सूचना से हड़कंप, यात्रियों को उतारा गया
वाराणसी एयरपोर्ट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार लिया गया। सीआईएसएफ का बम निरोधक दस्ता विमान की जांच में जुटा है।
मुंबई से वाराणसी आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में बुधवार को बम की सूचना पर उसकी तय समय शाम के 4:25 से सात मिनट पहले 4:18 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसमें सवार यात्रियों, चालक दल और क्रू मेम्बर को निकालकर सुरक्षा एजेंसियों ने विमान का कोना-कोना खंगाला लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला।
एयर इंडिया एक्सप्रेस का आईएक्स 1023 विमान मुम्बई से बुधवार दिन में 1:30 बजे रवाना हुआ और 3.58 बजे विमान जब हवा में था तो पायलट को बम होने की सूचना मिली। दरअसल, किसी यात्री ने टिशू पेपर पर कई भाषाओं में ‘बम’ लिखकर टॉयलेट सीट पर रख दिया था। एक क्रू मेम्बर ने उसे देखा तो पायलट को सूचना दी। तब विमान कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के सम्पर्क में था। पायलट की सूचना पर कोलकाता एटीसी ने वाराणसी को अलर्ट मैसेज भेजा। इसके बाद शाम 4.18 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उसकी आपात लैंडिंग कराई गई।
इसके बाद पहले से तैयार सुरक्षा एजेंसियों ने उसे घेर लिया। विमान को आइसोलेशन-बे पर खड़ा किया गया। बम फ्रेड मशीन से जांच के बाद सीआईएसएफ के जवान अंदर गए। विमान में सवार 176 यात्रियों, छह चालक दल और क्रू मेम्बर को बाहर निकाला। जवानों ने एक-एक जगह की जांच की लेकिन कुछ नहीं मिला। यात्रियों को देर शाम तक टर्मिनल भवन में रोके रखा गया था जबकि सभी के सामान जांच के लिए विमान में ही रहे। उधर, सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की बैठक भी हुई।
दिल्ली विस्फोट के बाद वाराणसी में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली विस्फोट मामले में आतंकवादियों के संबंधों का खुलासा होने के बाद वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वाराणसी के डीसीपी क्राइम सरवनन ठगमणि ने बताया कि काशी विश्वनाथ, काल भैरव और संकट मोचन जैसे प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर शाम गंगा आरती के दौरान भीड़ वाले क्षेत्रों नमो घाट, दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट पर विशेष चौकसी रखी जा रही है और डॉग स्क्वायड को सतर्क मोड पर रखा गया है। इसके अलावा, काशी क्षेत्र के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बम निरोधक दस्ते, आरपीएफ और जीआरपीएफ को तैनात किया गया है।





