अचानक कब्र खुदवाकर निकलवाया शव, पिता की गुहार पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, जानें वजह

Mar 08, 2026 04:31 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, सूरतगंज (बाराबंकी)
share

बाराबंकी में होली के दिन दफन किए गए युवक का शव पिता की शिकायत पर रविवार को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता ने बेटे की मौत को सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव निकालकर जांच शुरू कर दी गई है

अचानक कब्र खुदवाकर निकलवाया शव, पिता की गुहार पर पुलिस ने लिया ऐक्शन, जानें वजह

बाराबंकी के सूरतगंज में होली के दिन दफन किए गए युवक के शव को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में रविवार को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक के पिता ने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी और जिलाधिकारी से पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन के आदेश पर पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में शव को खुदवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।

सड़क हादसे में हुआ था घायल

मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर (अंदीपुर) गांव निवासी होमगार्ड महेंद्र वर्मा ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उनका इकलौता बेटा प्रियांशु वर्मा प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। होली के चलते वह तीन मार्च की देर शाम घर वापस आ रहा था। इसी दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव के पास उसके सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी।

बिना पोस्टमॉर्टम शव को दफनाया

परिजनों के मुताबिक घायल प्रियांशु को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद चार मार्च को होली के दिन बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया गया था। बाद में पिता महेंद्र वर्मा को कुछ सूत्रों से मिली जानकारी और बेटे के सिर पर गंभीर चोट के निशान देखकर संदेह हुआ कि यह महज हादसा नहीं बल्कि हत्या भी हो सकती है।

पुलिस ने कब्र से शव निकलवाया

इसी आशंका के चलते उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराते हुए पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार दोपहर तहसीलदार रामनगर विपुल सिंह, फतेहपुर थाना प्रभारी अमित सिंह और मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

रामनगर तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। प्रशासन की अनुमति के बाद शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।