
लखनऊ में नाले में उतराता मिला 45 साल के युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने का शक
लखनऊ में रविवार सुबह नाले में एक युवक का शव मिला। मृतक की शिनाख्त हरदोई के टड़ियावां निवासी रामसागर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
यूपी के लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पारा इलाके के हंसखेड़ा में तिकोनिया से नहर तिराहा मार्ग पर रविवार सुबह नाले में 45 वर्षीय युवक का शव मिला। शव कि शिनाख्त हरदोई के टड़ियावां के रहने वाले 45 साल रामसागर के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

हंसखेड़ा इलाके में नहर तिराहा मार्ग पर स्थित नाले में रविवार सुबह करीब सात बजे युवक का शव पड़ा होने की सूचना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पारा पुलिस को घटना जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नाले से शव निकाला गया। इंस्पेक्टर पारा सुरेश कुमार सिंह के मुताबिक युवक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं थी। कपड़ों में तलाशी के दौरान एक पर्ची मिली। उसमें मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस टीम ने नंबर पर संपर्क किया। शव की शिनाख्त रामसागर निवासी हरदोई टड़ियावां के रूप में हुई।
परिवारीजनों ने बताया कि राम सागर शराब का लती था। यहां पारा में विजय श्रीवास्तव के घर पर रहकर काम करता था। परिवारीजनों ने किसी आरोप से फिलहाल इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मायके जाने की जिद में विवाहिता ने खाया विषाक्त, मौत
उधर, बदायूं के गांव निनमा में एक महिला ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इधर, महिला के मायके वाले थाने पहुंचे और उन्होंने महिला के पति व सास ससुर समेत पांच लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।





