दिव्यांग किशोरी से रेप के आरोपी का पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस की दबिश के बीच संदिग्ध मौत

Jan 05, 2026 08:09 am ISTPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान संवाद, कौशांबी
share Share
Follow Us on

कौशांबी में दिव्यांग किशोरी संग दरिंदगी के आरोपी का शव रविवार सुबह गांव के बाहर बाग में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। उसके खिलाफ शनिवार को ही दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।

दिव्यांग किशोरी से रेप के आरोपी का पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस की दबिश के बीच संदिग्ध मौत

यूपी के कौशांबी में दिव्यांग किशोरी संग दरिंदगी के आरोपी हाईस्कूल के एक छात्र का शव रविवार सुबह गांव के बाहर बाग में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। उसके खिलाफ शनिवार को ही दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा कायम हुआ था। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। छात्र ने खुदकुशी की या हत्या कर शव लटकाया गया, फिलहाल यह अभी साफ नहीं है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र में शिवरतन का पूरा मजरा पूरबशरीरा का रहने वाला 17 वर्षीय रोहित लोधी बाकरगंज स्थित इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। उसके घर के सामने दिव्यांग किशोरी रहती है। किशोरी की मां ने शनिवार को छात्र पर बेटी के साथ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया था कि छात्र ने हाथ-पैर से दिव्यांग बेटी के साथ शादी का झांसा देकर दुराचार किया। बेटी गर्भवती हो गई। उसके बाद जब शादी के लिए उससे कहा गया तो वह अपने वादे से मुकर गया। मुकदमा कायम कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

इसी बीच रविवार सुबह आरोपी छात्र का शव गांव के बाहर महुए के बाग में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। इसकी जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद डीएसपी कौशाम्बी जनार्दन प्रसाद पांडेय व पश्चिमशरीरा थाना प्रभारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल करते हुए पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू थामे नहीं थम रहे हैं।

रात को तीन बार पुलिस ने की थी छापामारी

दिव्यांग किशोरी संग दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पहले शनिवार की शाम को उसके घर पर छापा मारा गया। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने रात में भी तीन बार दबिश दी। पकड़े जाने के डर से आरोपी छात्र घर छोड़कर बिना किसी को कुछ बताए भाग गया था। लाश मिलने के बाद परिवार वालों ने अनहोनी की भी आशंका जाहिर की है। हालांकि, पुलिस पीएम रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी बोलने को जल्दबाजी बता रही है।

इस मामले में डीएसपी जनार्दन प्रसाद पांडेय ने बताया कि दिव्यांग किशोरी संग दुष्कर्म के आरोपी का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की विधिवत जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |