मथुरा में दिल्ली के युवक का टुकड़ों में मिला शव, हनी ट्रैप में फंसाकर अगवा किया था

Mar 02, 2026 12:46 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, मथुरा/दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली के द्वारका से 18 फरवरी को अगवा कारोबारी अनुरूप गुप्ता का शव 10 दिन बाद मथुरा में टुकड़ों में मिला। हनी ट्रैप के बाद लूट, फिरौती के दबाव और हत्या की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी व कॉल डिटेल खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मथुरा में दिल्ली के युवक का टुकड़ों में मिला शव, हनी ट्रैप में फंसाकर अगवा किया था

दिल्ली के द्वारका इलाके से 18 फरवरी को अगवा किए गए अनुरूप गुप्ता का शव 10 दिन बाद 28 फरवरी को मथुरा में कई टुकड़ों में मिलने से सनसनी फैल गई। इस नृशंस वारदात ने दिल्ली और मथुरा पुलिस को भी चौंका दिया है। 48 वर्षीय अनुरूप गुप्ता द्वारका सेक्टर-14 स्थित राधिका अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते थे। वह छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन का संचालन करते थे। परिजनों के मुताबिक 18 फरवरी की शाम उन्हें एक परिचित ने पार्टी के बहाने बिंदापुर स्थित फ्लैट पर बुलाया था। वहां पहले से एक युवती और एक युवक मौजूद थे। बाद में उनके अन्य साथी भी पहुंच गए।

बंधक बनाकर अनुरूप की हत्या

आरोप है कि फ्लैट पर पहुंचते ही अनुरूप को बंधक बना लिया गया।परिवार का कहना है कि अनुरूप अक्सर करीब 250 से 400 ग्राम तक सोने के आभूषण पहनते थे और एक बैग साथ रखते थे, जिसमें जरूरी कागजात होते थे। आरोपितों ने पहले उनके आभूषण उतरवाए और बैग लूट लिया। इसके बाद बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कराने के लिए दबाव बनाया गया। जब उन्होंने पैसे ट्रांसफर करने से इनकार किया तो 19-20 फरवरी के बीच उनकी हत्या कर दी गई।

अनुरूप को हनी ट्रैप में फंसाया

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक युवती ने कथित तौर पर हनी ट्रैप के जरिए अनुरूप को जाल में फंसाया। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को कई टुकड़ों में काट दिया गया। आरोपित अपनी कार से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते मथुरा पहुंचे। मांट टोल प्लाजा से कार के वृंदावन की ओर जाने और फिर लौटने के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं।

मथुरा में टुकड़ों में मिला शव

इसी आधार पर पुलिस ने यमुना नदी में तलाश कराई, जहां से शव के कई अंग बरामद किए गए। धड़ अब तक नहीं मिला है। सूचना मिलने पर 28 फरवरी को दिल्ली पुलिस परिजनों के साथ मथुरा पहुंची और शव की पहचान कराई। मथुरा पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया गया।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा

दिल्ली और मथुरा पुलिस की संयुक्त टीम बिंदापुर से मथुरा तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मूल रूप से बदायूं जिले के निवासी अनुरूप तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। इस जघन्य हत्या से परिवार गहरे सदमे में है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |