
हत्या या हादसा? 8 साल के बच्चे का भूसे में मिला शव, खेलते वक्त हो गया था लापता
झांसी में खेलते-खेलते लापता हुए कक्षा 3 के छात्र का शव शनिवार की देर रात घर में बने भूसे के कमरे में मिला। इकलौते बेटे का शव देख परिवार बिलख पड़ा। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए एक को हिरासत में लिया गया है।
यूपी के झांसी से दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है। जहां खेलते-खेलते लापता हुए कक्षा 3 के छात्र का शव शनिवार की देर रात घर में बने भूसे के कमरे में मिला। इकलौते बेटे का शव देख परिवार बिलख पड़ा। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए एक को हिरासत में लिया गया है।

ये घटना लहचूरा थाना क्षेत्र के गांव चकारा का है। रहने वाले राजवेंद्र किसान हैं। उनका 8 साल का बेटा मुकेश गांव के ही स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार शाम वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर थे। पिता राम श्रवण पशु चराने तो मां पड़ोस में गई थी। मुकेश खेल रहा था। इसके बाद वह लापता हो गया। जब दादी ने नाती मुकेश की कोई आहट नहीं देखा तो चिंतित हो गई। उन्होंने बेटे राजवेंद्र, बहू, और पति राम श्रवण को खबर की। मुकेश के लापता होने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर लहचूरा थाना प्रभारी निरीक्षक सरिता मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंची। दादा राम श्रवण ने बताया कि पुलिस के साथ देर रात नाती की तलाश की गई। जैसे ही परिवारवालों के साथ घर के अंदर बने भूसे वाले कमरे में गए तो उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा था। इसके बाद पूरा परिवार बिलख पड़ा। सूचना पर एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, मऊरानीपुर सीओ मनोज कुमार सिंह, कोतवाल प्रभारी निरीक्षक मऊरानीपुर विद्यासागर सिंह मौके पर पहुंचे। तुरंत फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। जो काफी देर तक पड़ताल में जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो सकेगा। एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
बिलख पड़ा परिवार
मृतक बच्चे के दादा राम श्रवण ने बताया कि राजवेंद्र और बहू किसान हैं। वह खेत पर गए थे। जबकि वह स्वयं बकरियां चराने गया था। लेकिन, पता नहीं था कि नाती मुकेश के साथ क्या होने वाला है? जब पत्नी की सूचना आई तो तुरंत घर पर पहुंचे। यहां आकर देखा तो नाती मुकेश कहीं कुछ पता नहीं था। आनन-फानन में उसे तलाश किया गया।
कमरा बंद था नाती का पड़ा था शव
मृतक के दादा राम श्रवण ने बताया कि जैसे ही पुलिस के साथ सभी लोग कमरे में पहुंचे भूसे के ढेर के पास नाती का शव पड़ा था। उसके साथ क्या हुआ कुछ पता नहीं? वह यहां कैसे पहुंचा, यह भी कोई नहीं जानता। उन्होंने बताया कि नाती तो मासूम था। उसे खेलते हुआ छोड़ गए थे। लेकिन, क्या हुआ यह कुछ पता नहीं?



