हत्या के बाद घर में छिपाया शव, फिर जंगल में पेड़ पर लटका दिया; भाइयों ने ही चमन को मार डाला

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, कुंदरकी/मुरादाबाद
Follow us on Google News
share

मुरादाबाद में चमन सिंह की हत्या उसके फुफेरे और चचेरे भाई ने गला घोंटकर कर दी। आरोपियों ने शव एक दिन घर में छिपाकर रखा और अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हत्या के बाद घर में छिपाया शव, फिर जंगल में पेड़ पर लटका दिया; भाइयों ने ही चमन को मार डाला

मुरादाबाद के सोनकपुर थाना क्षेत्र में मामा के घर आए चमन सिंह की हत्या उसके ही फुफेरे भाई ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर गला घोंटकर की थी। हत्या करने के बाद आरोपी एक दिन तक शव घर में ही रखे रहे। अगले दिन शव को जंगल में ले जाकर पेड़ से लटका दिया था। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि चमन की वजह से उनका गांव में निकला मुश्किल हो गया था। चमन उनकी बहनों से सबंध रखता था। मना करने पर भी नहीं माना इसलिए योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी गौतम और अंकित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जंगल में पेड़ से लटका मिला था शव

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सोनकपुर थाना क्षेत्र के जिगनिया गांव के जंगल में बुधवार की सुबह करीब नौ बजे राकेश सिंह के खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। सूचना पाकर सोकनपुर एसओ दीपक कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतराया। बाद में युवक की शिनाख्त संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र केगांव सिसौना निवासी चमन सिंह(25) पुत्र ओम प्रकाश सिंह के रूप में हुई। पहले लगा कि यह आत्महत्या का मामला है। लेकिन जब फॉरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट से जांच पड़ताल कराने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया तो गला घोटकर हत्या करने की पुष्ट हुई।

गौतम- अंकित को पुलिस ने गिरफ्तार किया

हत्याकांड के बाद से जांच में जुटी पुलिस टीम को पता चला कि सोनकपुर थाना क्षेत्र के मिलक सोनकपुर में चमन की बुआ रहती है। चमन के चाचा ने इस मामले में चमन के फूफेरे भाई गौतम और फूफेरे भाई के चचेरे भाई अंकित के खिलाफ केस दर्ज कराया था। गुरुवार को पुलिस टीम ने आरोपी गौतम और अंकित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चमन उनकी बहनों के साथ संबंध रखता था। कई बार मना करने पर भी वह नहीं माना। गांव के कई लोग चमन को उनकी बहनों के साथ देख चुके थे, जिसके कारण उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया था।

दोनों आरोपियों ने गला घोटकर की थी हत्या

आरोपियों ने बताया कि इसी लिए योजनाबद्ध तरीके से चमन की गला घोटकर हत्या की। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चमन तीन-चार दिन से उनके घर आया था। आठ जून की रात जब वह सो रहा था तो दोनों आरोपियों ने गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में ही छुपाकर रख दिया। अगले दिन नौ जून को देर रात बाइक पर दोनों शव लेकर निकले और जिगनिया गांव के जंगल में ले जाकर उसे पेड़ से लटका दिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लोग इसे आत्महत्या समझे इसलिए चमन का मोबाइल भी वहीं रख दिया था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।