ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में उम्रकैद काट रहे Ex MLA विजय सिंह के घर धमाका, 2 बेटों समेत 5 घायल
पूर्व विधायक विजय सिंह के घर के ड्राइंग रूम में मंगलवार को पारिवारिक सदस्य और समर्थक मौजूद थे। तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ। घायलों को तुरंत ही अस्पताल भेजा गया। सूचना पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

UP Crime News: उत्तर प्रदेश में भाजपा के ताकतवर नेता रहे ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में वाराणसी की जेल में उम्रकैद काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद स्थित घर पर मंगलवार की शाम 7:30 बजे भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना भयंकर था कि बेसमेंट की छत उड़ गई। चार मंजिला भवन की सारी खिड़कियां टूट गईं। विजय सिंह के दो बेटों समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें से एक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। तेज धमाके से आस पास क्षेत्र में भगदड़ मच गयी।
नाला मछरट्टा स्थित विजय सिंह के घर के ड्राइंग रूम में मंगलवार को पारिवारिक सदस्य और समर्थक मौजूद थे। तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ। विस्फोट में पूर्व विधायक के पुत्र अविनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, समर्थक नूरपुर के पूर्व प्रधान भइयालाल चौहान, मित्तूकूंचा निवासी रासू और नाला मछरट्टा निवासी ईशू घायल हो गए। घायलों को तुरंत ही अस्पताल भेजा गया।
इसमें गंभीर घायल भइयालाल को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। इससे आसपास के लोग भयभीत होकर घर के बाहर निकल आए। धमाके में घर के बेसमेंट की छत उड़ गई और बैठक की फाल्स सीलिंग नीचे आ गई। खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। बहुमंजिला भवन की खिड़कियों के सारे शीशे टूटकर बिखर गए।
सूचना पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए टीमें काम कर रही हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि धमाके के समय घर में छह लोग थे। इनमें से पांच लोग घायल हुए हैं। विजय सिंह की पत्नी ऊपरी मंजिल पर थीं। वह सुरक्षित हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
बेसमेंट में हुआ था विस्फोट, फुटेज कब्जे में ली
पूर्व विधायक विजय सिंह के घर जेा विस्फोट हुआ उसमें जो पुलिस की टीम ने जांच पड़ताल की उससे साफ हुआ कि विस्फोट बेसमेंट में हुआ था। कारणों को जानने के लिए जांच पड़ताल की जा रही है। डीवीआर के साथ फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज हो रहा है। इसमें एक की हालत गभीर है। घायलों में पूर्व विधायक के पुत्र विक्की, सिक्की के अलावा नूरपुर के पूर्व प्रधान भइयालाल, नाला मछरट्टा निवासी ईशू, मित्तूकूंचा निवासी रासू है। पुलिस को अपनी जांच में पता चला है कि विस्फोट के समय घर में केवल छह लोग ही थे। अब कारणों का पता लगाने के लिए फारेंसिक टीम के साथ साथ अन्य टीमें लगी हैं जिससे कि पूरी स्थिति साफ हो सके।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

