यूपी में बीजेपी खोज रही कटे हुए 2.89 करोड़ वोटर, 10 दिन चलेगा महा-अभियान

Jan 17, 2026 06:54 am ISTPawan Kumar Sharma प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share Share
Follow Us on

एसआईआर में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के बाद सभी सियासी दलों की नींद उड़ी हुई है। भाजपा अगले 10 दिन तक यूपी में सिर्फ खोए हुए मतदाता खोजेगी। अनुपस्थित, मृतक या एएसडी मतदाताओं की सूची खंगाली जाएगी।

यूपी में बीजेपी खोज रही कटे हुए 2.89 करोड़ वोटर, 10 दिन चलेगा महा-अभियान

भारतीय जनता पार्टी अगले 10 दिन तक यूपी में सिर्फ खोए हुए मतदाता खोजेगी। अनुपस्थित, मृतक या परमानेंट शिफ्टेड मतदाता (एएसडी) मतदाताओं की सूची खंगाली जाएगी। उसमें देखा जाएगा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि जीवित लोगों को मृतकों की सूची में डाल दिया गया हो। वहां रहने वालों को ही अनुपस्थित दर्शा दिया गया हो। ऐसे सभी लोगों को खोजकर उन्हें मतदाता बनवाया जाएगा। बूथ कमेटी के हर सदस्य को प्रतिदिन कम से कम पांच नए वोटर बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

एसआईआर में प्रदेशभर में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के बाद सभी सियासी दलों की नींद उड़ी हुई है। सत्ताधारी दल भाजपा भी बेचैन है। पार्टी की ज्यादा बेचैनी शहरी और कम मार्जिन से हार-जीत वाली सीटों को लेकर है। इसी को ध्यान में रखकर भाजपा ने सब काम छोड़कर केवल एसआईआर में जुटने का फैसला किया है। सबसे ज्यादा फोकस फार्म-6 के जरिए नये वोटर बनवाने पर रहेगा।

तीन दिन चलने वाले अभियान की समीक्षा की

पार्टी की शुक्रवार शाम हुई वर्चुअल बैठक पूरी तरह एसआईआर पर ही केंद्रित रही। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सभी को 10 दिवसीय अभियान में जुटने को कहा। वहीं 16, 17 व 18 जनवरी को चलने वाले विशेष अभियान की भी समीक्षा की।

मतदाताओं के नाम जोड़ने को चार दिन अभियान

यूपी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, कटवाने और संशोधित कराने के लिए चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। 18 जनवरी, 31 जनवरी व एक फरवरी की तिथियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने तय कर दी है और एक तिथि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर पर तय करेंगे। विशेष अभियान में ड्राफ्ट मतदाता सूची बूथों पर उपलब्ध रहेगी और वोटर उसे देखकर फॉर्म भर सकेंगे। हेल्प डेस्क बनाकर मदद की जाएगी। शुक्रवार को सीईओ नवदीप रिणवा ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन चार दिनों में बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी।

मतदाता सूची की पुनरीक्षण की प्रक्रिया में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट के पोलिंग बूथ संख्या 126 के उन मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए जो वहां वर्ष 1986 से रह रहे हैं। गोरखपुर में वार्ड नंबर 16 में एक ही मकान में 233 वोटर दिखाए गए हैं। सपा के पदाधिकारियों की ओर से यह शिकायत दर्ज कराई गई है।

10 दिनों में चार लाख ने भरा वोटर बनने का फार्म

यूपी में 6 जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद चार लाख लोगों ने सूची में नाम जुड़वाने को फॉर्म-6 भरा है। वहीं राजनीतिक दलों के बीएलए अब तक 9059 फॉर्म भरवा चुके हैं। ड्राफ्ट सूची जारी होने से पहले 16.18 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरा था। ऐसे में अब तक 20 लाख लोग फॉर्म-6 भर चुके हैं। नाम कटवाने के लिए 54 हजार आवेदन आ चुके हैं।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |