
2027 का चुनाव हिंदू बनाम मुस्लिम बनाना चाहती है; शिवपाल के सांसद बेटे का भाजपा पर तंज
बदायूं सांसद और शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को हिन्दू बनाम मुस्लिम,समाज को सांप्रदायिक और जातिगत आधार पर विभाजित करके जीत हासिल करने की फिराक में है।
बदायूं से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद और शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को हिन्दू बनाम मुस्लिम बनाकर और समाज को सांप्रदायिक तथा जातिगत आधार पर विभाजित करके जीत हासिल करने की फिराक में है।

आदित्य यादव ने संभल जिले के गुन्नौर इलाके में 'पीडीए यात्रा' (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) में हिस्सा लेने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी चाहती है कि वर्ष 2027 का चुनाव हिंदू-मुस्लिम का मुकाबला बन जाये।"उन्होंने जोर देकर कहा कि सपा इससे विचलित नहीं होगी और विकास तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही टिकी रहेगी। भाजपा हर चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे। सपा पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाती रहेगी।
भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा किजाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने वालों को 2027 में सबक सिखाया जाना चाहिए। इन बेईमान लोगों को सत्ता से बेदखल करने का समय आ गया है। संभल में मदरसों पर हाल ही में हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है। ऐसी कार्रवाई संविधान को कुचलने और कुछ समुदायों को पिछड़ा बनाने की कोशिश है।
बरेली में पीड़ितों से मिलने से सपा नेताओं को रोके जाने के मुद्दे पर शिवपाल यादव के बेटे ने कहा कि विपक्ष को पीड़ितों से मिलने से रोककर सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। जहां भी अन्याय होगा, सपा पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी। वहीं, वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के बारे में पूछे जाने पर आदित्य ने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और उन्होंने इसे मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया है। वह कभी सपा या राजनीति को नहीं छोड़ेंगे।



