पितृ पक्ष के बाद ग्राउंड पर उतरेगी भाजपा, तावड़े ने तय किया रोडमैप, कार्यकर्ताओं को दिया टॉस्क

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर यूपी में भाजपा ने जोरों शोरों से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर विनोद तावड़े चारों सह प्रभारियों संग गुरुवार को सुबह राजधानी लखनऊ पहुंचे। उन्होंने पहले बंद कमरे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ करीब दो घंटे तक बात की।

vinod tawde
विनेद तावड़े

UP BJP Mission 2027: यूपी में जीत की हैट्रिक लगाने को बेताब भाजपा का चुनावी रथ पितृ पक्ष के बाद नवरात्र से सरपट दौड़ेगा। पार्टी ने इसके लिए रोडमैप तय कर लिया है। इसी रोडमैप पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने गुरुवार को सरकार और संगठन दोनों के साथ मंथन किया। उनके साथ चारों सह प्रभारी भी थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री द्वय केशव मौर्या और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात की। वहीं पार्टी मुख्यालय पर हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्षों व क्षेत्रीय प्रभारियों को 2022 और 2024 के बीच के चुनावी अंतर को पाटने को टारगेट दिया।

तावड़े चारों सह प्रभारियों संग गुरुवार को सुबह राजधानी लखनऊ पहुंचे। उन्होंने पहले बंद कमरे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ करीब दो घंटे तक बात की। इस दौरान विधान परिषद चुनाव की तैयारियों, राज्यसभा के लिए संभावित नामों की सूची के अलावा मिशन-2027 की तैयारियों पर चर्चा की गई। सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा के लिए यूपी के अलावा दिल्ली से मिलने वाले नामों का इंतजार है। उसी हिसाब से फाइनल पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा।

विधान परिषद चुनाव जिताने को जुटें

इसके बाद तावड़े ने सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों व क्षेत्रीय प्रभारियों संग बैठक की। उनसे यूपी के 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर चर्चा की। पूछा कि 2024 का चुनाव किन-किन कारणों से हारे। 2022 और 2024 के नतीजों में जो अंतर था, उसे पाटने के लिए क्या होमवर्क किया गया है। उन्होंने सभी को काम दिया कि 2027 में इस अंतर को पाटकर यूपी में तीसरी बार कमल खिलाना है। इसके लिए क्या-क्या करना है, उसका पूरा खाका तैयार कर हम सब इसी काम में जुटेंगे। सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों व प्रभारियों से विधान परिषद चुनाव में शिक्षक व स्नातक कोटे की सीटों को जीतने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा गया।

मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम से मिले

विनोद तावड़े गुरुवार शाम सभी सह प्रभारियों संग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पांच कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंचे। सह प्रभारियों से परिचय के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बात हुई। इस दौरान विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनावों को लेकर भी चर्चा होने की खबर है। इसके अलावा पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यक्रमों और आगामी सात अक्तूबर को वाराणसी में बड़नगर से आने वाली यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। इस कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। इससे पूर्व तावड़े और सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल, राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी व डा. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के आवास पर जाकर उनसे भेंट की। इस दौरान संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsपितृ पक्ष के बाद ग्राउंड पर उतरेगी भाजपा, तावड़े ने तय किया रोडमैप