आएलडी को 120 सीट दे बीजेपी, नहीं तो जाट समाज... 'चवन्नी' विवाद पर अखिलेश का पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘चवन्नी को रुपया बना दिया’ बयान पर यूपी की सियासत गरमा गई है। जयंत चौधरी ने इसे जाट समाज का अपमान बताया, वहीं मायावती ने अखिलेश से माफी मांगने को कहा। अखिलेश ने पलटवार करते हुए बीजेपी सहयोगियों को 120 सीटें देने की मांग कर तंज कसा।

लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘चवन्नी को रुपया बना दिया’ वाले बयान को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है। बीजेपी की सहयोगी आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अखिलेश पर जाट समाज के अपमान का आरोप लगाया। इसके बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी जयंत का समर्थन करते हुए सपा अध्यक्ष से अपने बयान पर माफी मांगने को कहा। विवाद बढ़ने पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए बीजेपी और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा।
आरएलडी को 120 सीट दे बीजेपी- अखिलेश
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के सभी सहयोगी दलों को आगामी विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमने किसी को 30 सीटें दी हैं तो उन्हें तीन-चार गुना ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए।’’ अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि यदि 30 सीटें देने की बात है तो चार गुना के हिसाब से 120 सीटें दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इतनी सीटें नहीं मिलती हैं तो यह उनके समाज के साथ-साथ चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह का भी अपमान होगा।
सपा गठबंधन तोड़ने वाली नहीं, जोड़ने वाली पार्टी है
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन तोड़ने वाली पार्टी नहीं है। पार्टी गठबंधन करती है तो सहयोगियों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा, ‘‘सच बोल दो तो लोग नाराज हो जाते हैं।’’ मायावती और जयंत चौधरी की प्रतिक्रिया पर जवाब देते हुए अखिलेश ने कहा कि उनका गठबंधन कायम रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी को लोग छोड़कर जाते हैं, पार्टी गठबंधन नहीं तोड़ती।
एनडीए में सीट बंटवारे का दावा किया था
दरअसल, अखिलेश यादव ने एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने सूत्रों के हवाले से कहा था कि यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी अपने सहयोगियों के बीच 162 सीटें बांट सकती है। अखिलेश के दावे के मुताबिक, जयंत चौधरी की आरएलडी को 73, ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 39, डॉ. संजय निषाद की निषाद पार्टी को 31 और अपना दल (एस) को 19 सीटें मिल सकती हैं।
बिना नाम लिए जयंत पर साधा था निशाना
इसी बयान के दौरान अखिलेश ने आरएलडी और जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए कहा था कि ‘‘कहां-कहां से आ जाते हैं गठबंधन वाले। हमने चवन्नी को रुपया बना दिया, फिर भी हम लोगों को छोड़कर चले गए।’’ इस टिप्पणी को लेकर जयंत चौधरी ने आपत्ति जताई और इसे जाट समाज से जोड़ दिया। मायावती ने भी अखिलेश से माफी की मांग की। अब अखिलेश के पलटवार से यूपी में 2027 चुनाव से पहले गठबंधन की राजनीति को लेकर बयानबाजी और तेज हो गई है।


