कम एसआईआर को लेकर अब अलर्ट मोड पर बीजेपी, कटेंगे टिकट; विधायकों से दो टूक पूछा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में BJP के राष्ट्रीय महामंत्री चुघ ने कहा कि SIR पर अभी की गई मेहनत अगले 20 साल काम आने वाली है। आने वाले आठ विधानसभा व लोकसभा चुनाव इसी मतदाता सूची से होंगे। चार-चार बार विधायक-सांसद के साथ भाजपा के पीएम-सीएम भी बन सकेंगे।

उत्तर प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों पर एसआईआर कम है, वहां के विधायकों के टिकट पर संकट है। उन्हें दो टूक शब्दों में समझा दिया गया कि जिन्हें चुनाव नहीं लड़ना वो स्पष्ट बता दें लेकिन एसआईआर में पार्टी के साथ धोखा ना करें। अगले पांच दिन सब काम छोड़कर केवल वोट बढ़ाने में जुटें। ऐसी तमाम बातें रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एसआईआर पर आयोजित पार्टी की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कम वोटों के अंतर से विधानसभा चुनाव जीतने-हारने वालों को चेताया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री चुघ ने कहा कि एसआईआर पर अभी की गई मेहनत अगले 20 साल काम आने वाली है। आने वाले आठ विधानसभा व लोकसभा चुनाव इसी मतदाता सूची से होंगे। चार-चार बार विधायक-सांसद के साथ भाजपा के पीएम-सीएम भी बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि जिन जिलों में एसआईआर पर अपेक्षाकृत कम काम हुआ है तो यह मान लीजिए कि वहां के जनप्रतिनिधि चुनाव न लड़ने के मानस से काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिसे चुनाव नहीं लड़ना है वो मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन को बता दें। कहा कि एसआईआर में आपके पास 26 दिसंबर तक आसानी से वोट बढ़ाने का मौका है। यह सोच कर कतई मत बैठिए कि 26 के बाद फिर तारीख बढ़ेगी।
एक पिता और 15 माताओं वाले फर्जियों को बाहर कराएं
उन्होंने कहा कि एक-एक मकान में 50 से 80 तक वोट हैं। एक पिता है और 15 माताएं हैं। एक ही नाम के व्यक्ति को बहुतों ने अपना पिता बना लिया। ऐसे तमाम फर्जी वोटरों को बाहर करना है। सरल एप पर जाइए। वहां संदिग्ध वोटरों को क्लिक करते जाइए। आपके मोबाइल पर पीडीएफ बनकर मिल जाएगा। फिर फार्म-7 के जरिए फर्जी वोटरों पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। 26 दिसंबर के बाद वोटर लिस्ट का रोल आ जाएगा। इसकी एक लिस्ट प्रशासन देगा। मगर आप लोग इसकी दो से तीन कॉपी और करा लीजिए। हर बूथ तक उन्हें पहुंचाइए। सूची से मिलान कीजिए। दावा-आपत्तियों के लिए बड़ी संख्या में फार्म-6 व फार्म-7 भरने हैं ताकि नए वोटर जुड़वाए जा सकें और फर्जी नाम कट सकें।
सीएम योगी ने चेताया-ढाई से तीन करोड़ वोटर अब भी हैं कम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कम वोटों से विधानसभा चुनाव जीतने या हारने वालों को चेताया। कहा कि यदि तीन प्रतिशत भी वोट कट गया तो ऐसे लोगों के लिए खतरे की घंटी है। ऐसे सभी लोग सतर्क हो जाएं। दावतें, कहीं आना-जाना, अनुष्ठान सब काम छोड़ कर एसआईआर में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि ढाई से तीन करोड़ वोटर कम है। यह वोट किसका है। यह वोट आपका है। नये वोटर बनाने पर फोकस कीजिए। सभी घुसपैठियों और फर्जी वोटरों को मतदाता सूची से बाहर कराइए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के हर नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के लिए इस समय एसआईआर से महत्वपूर्ण और कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी संदिग्ध वोटर हैं, किसी एक ही पते पर यदि बड़ी संख्या में वोटर हैं तो ऐसे सभी लोगों की पड़ताल कर उन्हें सूची से बाहर कराइए। इसके लिए व्यापक पैमाने पर आपत्तियां दाखिल करने को फार्म-7 का प्रयोग कीजिए। उन्होंने दोहराया कि कोई भी सही नाम वोटर बनने से वंचित न हो और कोई फर्जी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा व लोकसभा के चुनाव इसी मतदाता सूची से होंगे जबकि प्रधानी व निकाय चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के आधार पर होंगे।
मुख्यमंत्री ने गिनाई कम एसआईआर वाली सीटें
मुख्यमंत्री ने सिलसिलेवार प्रदेश की उन विधानसभा सीटों का ब्योरा भी बताया, जहां एसआईआर का काम अपेक्षाकृत कम हुआ है। इनमें लखनऊ सहित विभिन्न जिलों के विधानसभा क्षेत्र शामिल थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर के काम में जुट जाएं। सभी बूथों पर टेबल लगें। हर बूथ पर वोटर लिस्ट पहुंचा दें। उससे मिलान हो जाए कि आपके कौन से वोट लिस्ट में नहीं हैं और कौन से फर्जी नाम सूची में शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 सहित लगातार चुनाव जीतने हैं तो एसआईआर के काम को गंभीरता से करना बेहद जरूरी है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सब काम छोड़कर एसआईआर के काम में जुट जाएं। भाजपा नेता के. लक्ष्मण ने कहा कि सरकार में आने के लिए एसआईआर में ईमानदारी से मेहनत जरूरी है।
पंकज चौधरी बोले- फर्जी वोटरों को लेकर विपक्ष बेचैन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि एसआईआर के काम को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने लोकसभा में हाल ही एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा किए हंगामे का हवाला देते हुए कहा कि फर्जी वोटरों को बाहर किए जाने के डर से यह बेचैनी है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और वीर बाल दिवस के कार्यक्रमों में जोर-शोर से भागीदारी की बात कही। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने एसआईआर को लेकर संगठन स्तर पर हुए काम की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान राष्ट्र प्रेरणा केंद्र स्थल के लोकार्पण के साथ सभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने जिलों में अटल जयंती के साथ ही 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के कार्यक्रम भी धूमधाम से आयोजित करने की बात कही। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, एसआईआर के जिलों के संयोजक, विधानसभा प्रभारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



