
कुलदीप सेंगर के साथ अन्याय हुआ; उन्नाव रेप कांड के दोषी के समर्थन में उतरे भाजपा सांसद साक्षी महाराज
उन्नाव में एक कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने उन्नाव रेप कांड के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुलदीप सेंगर के साथ अन्याय हुआ है।
यूपी के उन्नाव के बदरका में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के एक कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने उन्नाव रेप कांड के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुलदीप सेंगर के साथ अन्याय हुआ है।
भाजपा के फायर नेता और सांसद साक्षी महाराज ने कुलदीप सिंह सेंगर पर अपना व्यक्तिगत मत बताते हुए कहा, “न्यायालय ने बहुत देर से न्याय किया। उस न्याय का सम्मान करना चाहिए था। पहले ही उन्नाव का नाम बहुत ज्यादा बदनाम हो चुका है। बढ़ा-चढ़ाकर लोगों ने बदनाम करने का प्रयास किया। अब इस संदर्भ में कुछ लोगों ने बोलना शुरू किया है। फिर भी मैं यह कहूंगा कि न्यायालय को नीर-क्षीर विवेकिनी बुद्धि के आधार पर इसमें निर्णय करना चाहिए था।”
उन्होंने जेएनयू से जुड़े उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत न दिए जाने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। कहा कि जिन लोगों पर दंगे भड़काने और हत्याओं से जुड़े गंभीर आरोप हैं, उन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए। फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत ने जो निर्णय लिया है, वह उचित है। उसका सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, बंग्लादेश हिंसा में हिन्दुओं की हत्या पर कहा कि हम उसकी निंदा कर सकते हैं। निर्णय सरकार को लेना है। सरकार नजर रखे है। वहीं, सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि न्यायालय अपनी प्रक्रिया के अनुसार सुनवाई कर रहा है। सच बहुत जल्द सामने आएगा।
कुलदीप सेंगर की बेटी ने की निष्पक्ष न्याय की अपील
इससे पहले उच्चतम न्यायालय द्वारा पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर रोक लगाए जाने के आदेश के बाद, सेंगर की छोटी बेटी इशिता सेंगर ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक भावुक पोस्ट लिखकर निष्पक्ष न्याय की अपील की है।
इशिता सेंगर ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनका परिवार पिछले आठ वर्षों से चुपचाप न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और उसने कानून व संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखा। उन्होंने लिखा कि उनकी पहचान महज ‘एक भाजपा विधायक की बेटी’ तक सीमित कर दी गई है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार नफरत, अपमान और धमकियों का सामना करना पड़ा है। पोस्ट में इशिता ने कहा कि उनका परिवार न तो किसी तरह की रियायत चाहता है और न ही सहानुभूति, बल्कि केवल यह चाहता है कि कानून बिना दबाव और भय के अपना काम करे तथा सबूतों की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा कि वे इंसाफ इसलिए मांग रही हैं क्योंकि वे इंसान हैं। इशिता की इस पोस्ट को उनकी बड़ी बहन ऐश्वर्या सेंगर ने भी 'एक्स' पर रीपोस्ट करते हुए लिखा, 'लड़ेंगे, हारेंगे नहीं।'
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश पर लगाई थी रोक
गौरतलब है कि इससे पहले सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर जमानत दी गई थी।





