वर्दी और सरकार दोनों की बदनामी करोगे, बदतमीज कहीं के; BJP सांसद ने रेलवे पुलिस को लगाई फटकार
आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन रुकवाने के विवाद में आरपीएफ जवानों पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र चाहर से मारपीट और उन्हें घसीटकर थाने ले जाने का आरोप लगा। जिसके बाद बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे आरपीएफ कर्मियों को फटकार लगाते दिख रहे हैं।
आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार को ट्रेन रुकवाने के विवाद में आरपीएफ जवानों के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से जमकर मारपीट और घसीटकर थाने ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चार आरपीएफ कर्मियों पर केस दर्ज कर सस्पेंड किया गया है। वहीं, जांच के लिए सीनियर डीओएम, सीनियर डीईई और सीनियर डीएससी आरपीएएफ की कमेटी बनी है। आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार सुबह हुए घटनाक्रम के बाद शाम को डिप्टी एसएस नरेंद्र चाहर अपनी पत्नी व परिजनों के साथ डीआरएम के बंगले पर धरना देने पहुंच गए। परिजन आरोपी आरपीएफ कर्मियों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग कर रहे थे।
बीजेपी सांसद ने आरपीएफ कर्मियों को लगाई फटकार
मामले की जानकारी पर पहुंचे सांसद राजकुमार चाहर ने भी डीआरएम को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। जाते-जाते सांसद ने यहां तक कहा कि वर्दी की बदनामी करोगे और हमारी सरकार की भी। शाम को करीब छह बजे नरेंद्र चाहर परिजनों के साथ डीआरएम से मुलाकात को उनके बंगले पर पहुंच गए और मुलाकात की मांग करने लगे। इसकी जानकारी डीआरएम गगन गोयल को मिली तो वह बंगले के बाहर आकर रेलवे इंस्टीट्यूट में परिजनों से मिले। परिजनों ने आरोपियों से सार्वजनिक माफी की मांग की। मौके पर आरपीएफ कमांडेंट पी.राजमोहन, एडीआरएम गिरीश गुप्ता भी पहुंच गए।
आरोपियों की बचाने की कोशिश हुई तो रेलमंत्री से शिकायत करेंगे
रेलवे इंस्टीट्यूट में करीब तीन घंटे तक वार्ता चलती रही। शाम 7.30 बजे करीब सांसद राजकुमार चाहर वहां पहुंचे। उन्होंने डीआरएम गगन गोयल से आरोपी आरपीएफ कर्मियों के उत्तर मध्य रेलवे जोन से बाहर ट्रांसफर, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा। सांसद चाहर ने कहा कि यदि आरोपियों को बचाने की कोशिश हुई तो वह रेलमंत्री से इस मामले में शिकायत करेंगे। सांसद चाहर के आश्वासन पर नरेन्द्र चाहर व परिजन घर चले गए। आपको बता दें रविवार सुबह 10:53 बजे अमृतसर से आने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। ट्रेन में सवार एक महिला पेठा खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरी थी।
महिला के लिए ट्रेन रुकवाने पर बवाल
इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। महिला की परेशानी देख डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (ऑपरेटिंग) नरेंद्र सिंह चाहर ने वॉकी-टॉकी से गार्ड को संदेश भेजकर ट्रेन रुकवा दी। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ जवान पहुंचे और चेन पुलिंग का आरोप लगाते हुए महिला को पकड़ लिया। उससे जुर्माना भरने को कहा। प्लेटफॉर्म पर मौजूद डिप्टी एसएस नरेंद्र सिंह ने आरपीएफ कर्मियों से कहा कि ट्रेन उन्होंने रुकवाई है। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। धक्का-मुक्की और गाली-गलौज होने लगी। अन्य आरपीएफ जवान पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर डिप्टी एसएस के साथ मारपीट की। प्लेटफॉर्म पर करीब 300 मीटर तक घसीटा व मारपीट की।


