इतना पिए रहोगे बे, तो काम कैसे करोगे; BJP विधायक ने बिजलीकर्मी को डांटा, DM को फोन लगाया
बलिया में भाजपा विधायक केतकी सिंह ने बिजली कटौती की शिकायत पर रात में रेवती पावर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने एसएसओ को फटकार लगाई और अधिकारियों के फोन बंद मिलने पर डीएम से शिकायत की। विधायक ने कहा कि जनता को नियमित बिजली मिले और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

बलिया जिले के रेवती क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह शुक्रवार देर रात रेवती पावर हाउस पहुंच गईं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ (स्टेशन स्विचिंग ऑपरेटर) को नशे की हालत में पाया, जिस पर वह नाराज हो गईं। उन्होंने एसएसओ को फटकार लगाते हुए कहा कि 'इतना पिए रहोगे बे, तो काम कैसे करोगे'? उन्होंने यह भी कहा कि उनके मुंह से ठीक से आवाज तक नहीं निकल रही है।शुक्रवार की रात बांसडीह विधायक केतकी सिंह अचानक रेवती विद्युत उपकेंद्र पहुंच गयी। वहां उन्हें शराब के नशे में विद्युत कर्मचारी को देख दंग रह गयी।
नशे में बिजलीकर्मी को देख भड़कीं बीजेपी विधायक
इसके बाद विभाग के एई को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। अंत में विधायक ने डीएम को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। विधायक कस्बे में थी, उसी वक्त बिजली कट गयी। इसके बाद केतकी सिंह भाजपा के मंडल अध्यक्ष भोला ओझा व मांडलू सिंह आदि के साथ विद्युत उपकेंद्र रेवती पहुंची, जहां आउट सोर्सिंग सप्लाई से संबंधित कर्मी उपस्थित थे, एक कर्मी को नशे में देख विधायक का गुस्सा बढ़ गया। विधायक ने एसएसओ को निर्देश दिया कि बिजली कटौती का निश्चित समय तय किया जाए ताकि लोगों को पहले से जानकारी मिल सके।
बिजली सप्लाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- केतकी सिंह
वहीं, एसएसओ ने सफाई देते हुए कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों पर लोग पावर हाउस पहुंचकर कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करते हैं। विधायक ने कहा कि वह जनता के हर सुख-दुख में साथ हैं और बिजली व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पावर हाउस के भीतर विधायक ने बिजली आपूर्ति का लॉग रजिस्टर जांचा और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्सईएन, एसई और जेई को फोन किया, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका। एक्सईएन और एसई के मोबाइल बंद मिले, जबकि जेई ने कॉल रिसीव नहीं की। इससे नाराज विधायक ने जिलाधिकारी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी।
विधायक ने डीएम को लगाया फोन
डीएम से बातचीत में केतकी सिंह ने कहा कि आम जनता घंटों बिजली कटौती से परेशान है, जबकि विभागीय अधिकारी मोबाइल बंद कर घरों में सो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जनता को नियमित बिजली नहीं मिलेगी, तब तक अधिकारियों को भी चैन से नहीं सोने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टाउन एरिया की बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।


