स्वतंत्र देव को BJP MLA ब्रजभूषण राजपूत ने घेरा तो अखिलेश ने ली चुटकी, बोले-डिब्बे भी टकरा रहे

Jan 30, 2026 09:26 pm ISTAjay Singh लखनऊ, संवाददाता
share

अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा- भाजपा के ही विधायक द्वारा, अपनी ही भाजपा सरकार के मंत्री को बंधक बनाना दर्शाता है कि भाजपा सरकार के विधायक अब अगले चुनाव में हारने वाले हैं। ये न सोचा जाए कि ये इन दोनों के बीच की ही लड़ाई है, ये तो केवल सैम्पल या कहें नमूना है, हर विधानसभा क्षेत्र में यही हाल है।

स्वतंत्र देव को BJP MLA ब्रजभूषण राजपूत ने घेरा तो अखिलेश ने ली चुटकी, बोले-डिब्बे भी टकरा रहे

यूपी के महोबा में शुक्रवार को भाजपा के विधायक बृजभूषण राजपूत ने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को बीच सड़क पर रोक दिया। इसे लेकर यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा की हमने तो पहले ही कहा था कि भाजपा के ‘डबल इंजन’ ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लिखा-‘महा समाचार : स्वतंत्र बने बंधक! समाचार : भाजपा के विधायक बृजभूषण राजपूत ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों, गांवों में पेयजल संकट और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बंधक बनाया। विचार : हमने तो पहले ही कहा था कि भाजपा के ‘डबल इंजन’ ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। पैसे कमाने और ज़मीन क़ब्ज़ाने में लगे भाजपा के मंत्री हों या विधायक, इनमें से कोई भी जनता या विकास का काम नहीं कर रहे हैं। इसीलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए वो एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। भाजपा के ही विधायक द्वारा, अपनी ही भाजपा सरकार के मंत्री को बंधक बनाना दर्शाता है कि भाजपा सरकार के विधायक अब अगले चुनाव में हारने वाले हैं। वैसे ये न सोचा जाए कि ये इन दोनों के बीच की ही लड़ाई है, दरअसल ये तो केवल सैम्पल या कहें नमूना है, हर विधानसभा क्षेत्र में यही हाल है। इस बार भाजपा को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिलेंगे। भाजपा की सत्ता पटरी से उतर गई है।’

महोबा में 40 गाड़ियां अड़ा कर विधायक ने रोका मंत्री स्वतंत्रदेव का काफिला

एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को महोबा पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के काफिले को चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक लिया। उनके साथ 30-40 गांवों के प्रधान और इतनी ही गाड़ियां थीं। विधायक समर्थकों ने मंत्री के काफिले के रास्ते पर आड़ी-तिरछी गाड़ियां खड़ी कर दीं। मंत्री के गाड़ी से उतरते ही विधायक ने अपने क्षेत्र में हर घर नल योजना की दुर्दशा बतानी शुरू कर दीं। दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। यह देख नेताओं और अधिकारियों ने बीच-बचाव किया। मंत्री विधायक को अपनी कार में बैठा कर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां एक घंटे तक बैठक चली। बैठक के बाद मंत्री वापस लौट गए जबकि विधायक ने कहा कि समस्याएं हल न हुईं तो लखनऊ जाकर मंत्री का घेराव करेंगे।

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जलजीवन मिशन के जल अर्पण दिवस कार्यक्रम में भाग लेने कबरई आए थे। लिलवाही में कार्यक्रम के बाद मंत्री शहर के एक निजी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां से उनका काफिला जैसे ही निकलकर सड़क पर आया, विधायक बृजभूषण राजपूत करीब प्रधानों के साथ पहुंचे और अपनी गाड़ियां अड़ाकर मंत्री को रोक लिया। असहजता की स्थिति बनने पर मंत्री अपने वाहन से उतरे। मंत्री को अपने क्षेत्र की समस्याएं बताते हुए विधायक ने कहा कि जल जीवन मिशन का बुरा हाल है। कागजों में जिला देश में पहले नंबर पर है मगर धरातल में गांव बेहाल हैं। सड़कें खुदी पड़ी हैं। टंकियां टपक रही हैं। घरों तक पानी नहीं पहुंचा है। सड़कों की मरम्मत के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है। सदन में मामला उठाने के बाद भी अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई करते हैं।

इस पर मंत्री ने कहा कि इन समस्याओं से पीड़ित कोई गांव दिखाइए तो मान लूंगा कि शिकायत सही है। विधायक तत्काल मंत्री को गांव दिखाने को तत्पर हो गए। मंत्री ने उन्हें अपनी कार में बैठा लिया लेकिन काफिला किसी गांव जाने के बजाय कलेक्ट्रेट पहुंच गया। मंत्री की गाड़ियां अंदर जाते ही कलेक्ट्रेट के गेट बंद हो गए। कई थानों की पुलिस का पहरा लग गया। अंदर अधिकारियों की मौजूदगी में एक घंटे तक बंद कमरे में वार्ता चली। बाहर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देख मंत्री को पीछे के गेट से निकालकर रवाना कर दिया गया, जबकि विधायक पूरे तेवर के साथ बाहर निकले। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बैठक में सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए 20 दिनों का समय मांगा गया है। इस अवधि में समस्याएं हल न हुईं तो लखनऊ में जाकर धरना दूंगा। बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन चक्रपाणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।