कानपुर के बाद देवरिया में आपस में ही भिड़े भाजपाई, लाठी-डंडे चलने से मची अफरातफरी

देवरिया हिन्दुस्तान टीम
Follow us on Google News
share

कानपुर के बाद देवरिया में भाजपाई आपस में ही भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे भी चले। कानपुर की तरह यहां भी एक नेता का स्वागत हो रहा था। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता गुत्थम-गुत्था हो गए।

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले एक तरफ राजनीतिक दलों में रस्साकसी तेज हो गई है तो दूसरी ओर पार्टी के भीतर भी गुटबाजी हावी दिखाई दे रही है। सत्ताधारी भाजपा में बड़े नेताओं के सामने अपना चेहरा चमकाने की कोशिश में छोटे नेता और कार्यकर्ता आपस में ही गुत्थमगुत्था हो जा रहे हैं। पिछले हफ्ते कानपुर में भाजपा नेता आपस में ही भिड़ गए और जूता चप्पल भी चल गया। मंगलवार को देवरिया में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां लाठी-डंडों से एक कार्यकर्ता की पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान नहीं करता है। इस संबंध में कुछ भी बोलने से भाजपा के बड़े पदाधिकारी परहेज कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के सोशल मीडिया राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत में पार्टी के कार्यकर्ता जिले की सीमा खरोह के पास एकत्र हुए थे। उसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे से गुत्थम-गुत्था हो रहे हैं। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने बीच बचाव का प्रयास किया लेकिन वह विफल रहे। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक कार्यकर्ता की जमकर लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। किसी तरह उसने भाग कर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। भाजपा नेता इस घटना को लेकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। घटना के समय मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे।

क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत के दौरान चले जूते-चप्पल

इससे पहले कानपुर में भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत के दौरान बवाल हो गया था। दो भाजपा नेता और उनके समर्थक भिड़ गए। तमाचे के साथ ही जूते-चप्पल भी खूब चले। बड़े पदाधिकारियों के सामने ही अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने दोनों को अलग किया। घटना को पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है।

दरअसल, भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकरलाल लोधी के प्रथम शहर आगमन पर केशव नगर स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में आगे की कुर्सी पर बैठने को लेकर भाजपा दक्षिण जिला संगठन से जुड़े दो नेताओं के बीच पहले कहासुनी हुई फिर दोनों ने एक दूसरे पर हाथ छोड़ दिया और देखते ही देखते जमकर मारपीट होने लगी। थप्पड़, तमाचे, लात-घूंसे के साथ जूते और चप्पलें भी चल गईं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकानपुर के बाद देवरिया में आपस में भिड़े भाजपाई, लाठी-डंडे चलने से मची अफरातफरी