लखनऊ में बीजेपी नेता की हत्या; सिगरेट नहीं देने पर बदमाशों ने मार डाला, दोस्त छोड़कर भागे

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह की सिगरेट को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी गई। बाइक सवार युवकों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर सिर कूच दिया। इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दोस्तों और ड्राइवर पर साजिश का आरोप लगाया है।

लखनऊ में बीजेपी नेता की हत्या; सिगरेट नहीं देने पर बदमाशों ने मार डाला, दोस्त छोड़कर भागे

राजधानी लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता की सिगरेट को लेकर हुए विवाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई। अयोध्या निवासी 28 वर्षीय शिवम सिंह पर पहले मारपीट की गई, फिर कुछ देर बाद दोबारा हमला कर ईंट-पत्थरों से सिर कूच दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित जलवा क्लब और कठौता झील रोड के पास की है। मृतक शिवम सिंह अयोध्या के रामनगर धौरहरा गांव के रहने वाले थे और भाजपा युवा मोर्चा की जिला कमेटी के सदस्य थे। पुलिस के मुताबिक, शिवम 25 मई की रात अपने दोस्तों नीलेश और जीशान समेत अन्य लोगों के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। सभी लोग विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में देर रात तक मौजूद रहे।

जलवा क्लब के बाहर सिगरेट पर विवाद हुआ

इंस्पेक्टर अमर सिंह के अनुसार, 26 मई की सुबह करीब 3 बजे क्लब से बाहर निकलने के दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने शिवम से सिगरेट मांगी। शिवम ने पहली बार सिगरेट दे दी, लेकिन दोबारा मांगने पर मना कर दिया। इसी बात पर युवकों ने शिवम के साथ मारपीट की और वहां से चले गए। घटना के बाद शिवम ने अपने परिचित आशीष शुक्ला को फोन कर विवाद की जानकारी दी। आशीष ने उन्हें झगड़ा खत्म कर घर लौटने की सलाह दी। इसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ कार से रवाना हुए, लेकिन रास्ते में कठौता झील रोड स्थित एलपीएस स्कूल के पास वही बाइक सवार युवक दोबारा पहुंच गए। आरोपियों ने कार पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। कार रुकते ही शिवम बाहर निकले तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर ईंट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।

शिवम को रास्ते में छोड़कर भागे दोस्त

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शिवम के दोस्त उन्हें सड़क पर घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। तड़के करीब 4 बजे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिवम को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें गोमती नगर स्थित निजी अस्पताल रेफर किया गया। आईसीयू में इलाज के दौरान 27 मई की रात उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने दोस्तों और ड्राइवर पर साजिश का आरोप लगाया है। मृतक के भाई सौरभ सिंह का कहना है कि शिवम के दोस्तों ने न तो मदद की और न ही परिवार को सही जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जलवा क्लब व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।