आजमगढ़ में BJP नेता की हत्या; जमीन विवाद में चचेरे भाई ने चाकू से गोदा, विजेंद्र मंडल मंत्री थे

Apr 13, 2026 12:17 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाद, मेंहनगर (आजमगढ़)
share

आरोप है कि मोहन राव अपने भाई मिलन और भतीजे अनीश के साथ विजेंद्र के घर पहुंच कर गाली गलौज करने लगा। इससे दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया और हाथापाई भी शुरू हो गई। इस बीच मोहन राव ने चाकू निकाल कर विजेंद्र के पेट और जांघ पर हमला कर दिया। जिसमें उनकी मौत हो गई।

आजमगढ़ में BJP नेता की हत्या; जमीन विवाद में चचेरे भाई ने चाकू से गोदा, विजेंद्र मंडल मंत्री थे

आजमगढ़ के कटात चक के कटात गांव में शनिवार रात चचेरे भाई ने चाकू से हमला करके भाजपा के मंडल मंत्री विजेंद्र की हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी और गहन जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। बताया जा रहा 38 वर्षीय विजेंद्र राम का चचेरे भाई मोहन राव से जमीन का विवाद चल रहा था। चचेरा भाई मकान बनवा रहा था। आरोप था कि वह बारजा विजेंद्र की जमीन में निकाल रहा था। हालांकि पंचायत के बाद मकान का निर्माण पूरा हो गया, लेकिन दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।

बीजेपी नेता की चाकू मारकर हत्या

आरोप है कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे मोहन राव अपने भाई मिलन और भतीजे अनीश के साथ विजेंद्र के घर पहुंच कर गाली गलौज करने लगा। इससे दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया और हाथापाई भी शुरू हो गई। इस बीच मोहन राव ने चाकू निकाल कर विजेंद्र के पेट और जांघ पर हमला कर दिया। घायल विजेंद्र को लेकर लोग मेंहनगर सीएचसी पहुंचे, जहां से उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। विजेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

घटना की सूचना पुलिस के डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पीआरवी की टीम ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। घटना की सूचना मिलते ही मेंहनगर, तरवां, देवगांव थाने की पुलिस के साथ ही एसओजी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहन राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी विवाद को लेकर तनातनी हो चुकी थी। दोनों के बीच समझौता भी हुआ था। इस तरह का अब कोई विवाद नहीं था।

फॉरेंसिक टीम ने जमा किए साक्ष्य

पुलिस के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी, संघर्ष के निशान, हथियार से जुड़े साक्ष्य और अन्य भौतिक प्रमाण एकत्र किए। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी कर नमूनों को परीक्षण के लिए सुरक्षित किया। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटनास्थल की स्थिति के संबंध में जानकारी भी ली गई। विजेंद्र के पिता लौटन राम की तहरीर पर पुलिस तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।