विधायक प्रतिनिधि से पूर्व मंत्री नानकदीन ने बात की और सातवीं मंजिल से कूद गए, कुछ देर पहले ही आए थे

लखनऊ संवाददाता
Follow us on Google News
share

लखनऊ में सातवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड करने वाले भाजपा नेता और पूर्व मंत्री नानकदीन कुछ देर पहले ही आए थे। वहां सुभासपा विधायक  हंसू राम के प्रतिनिधि के कुछ देर बात की और अचानक कूद गए।

former minister Nanakdin committed suicide
लखनऊ में इसी विधायक निवास की सातवीं मंजिल से कूदकर पूर्व मंत्री नानकदीन ने आत्महत्या की है।

लखनऊ में लालबाग दारुलशफा में विधायकों के लिए बनी इमारत की सातवीं मंजिल से कूदकर भाजपा नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री नाननकदीन ने कूदकर आत्महत्या कर ली है। उनके डिप्रेशन में होने की बात कही जा रही है। पुलिस उनके परिवार से पूछताछ और डिप्रेशन का कारण जानने की कोशिश में लगी है। नानकदीन यहां पर बलिया के बेल्थरा रोड से सुभासपा विधायक हंसू राम के फ्लैट पर आए थे। फ्लैट में विधायक प्रतिनिधि मो. आरिफ से नानकदीन ने कुछ देर बातचीत की और अचानक ही नीचे कूद गए।

मो. आरिफ के मुताबिक पूर्व मंत्री नानकदीन अक्सर वहां जाते थे। विधायक हंसू राम सुबह ही दूसरे जनपद के लिए रवाना हो गए थे। दोपहर में विधायक के सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट पर नानकदीन पहुंचे और आरिफ से बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बैठने और बातचीत के बाद आरिफ उनके लिए कॉफी बनाने किचन में चले गए।

फ्लैट के छज्जे की तरफ से लगाई छलांग

इसी बीच नानकदीन उठे और फ्लैट के छज्जे की ओर से नीचे छलांग लगा दी। नानकदीन के कूदने से वहां रखा गमला भी उनके साथ नीचे गिर गया। शोर सुनकर आरिफ ने छज्जे से देखा तो नानकदीन नीचे पड़े थे। वह तुरंत ही नीचे भागकर गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही उन्हें लेकर सिविल अस्पताल इमरजेंसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई है घटना

एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक भाजपा नेता नानकदीन भुर्जी डिप्रेशन में चल रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में वह सातवीं मंजिल से कूदते हुए दिखे हैं। घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। अंतिम संस्कार के बाद उनके परिवारीजनों से इस सम्बंध में पूछताछ की जाएगी कि किस कारण उन्होंने आत्महत्या की है।

फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए

सिविल अस्पताल में हजरतगंज एसीपी रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पहुंचे। भाई अरुण गुप्ता, बेटों उत्तम और सनी से बातचीत कर जानकारी जुटाई। मौके पर अन्य परिजन, भाजपा व भुर्जी समाज के संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी पहुंचे। भाई अरुण ने बताया कि अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा। घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और लोगों के बयान दर्ज किए गए।

परिचित ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद सिविल अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता नानक दीन के एक परिचित ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं एसीपी ने बताया कि इस सम्बंध में कोई अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है। घरवाले अगर कोई तहरीर देंगे तो उन बिंदुओं पर जांचकर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

मुलायम सिंह के भी करीबी रहे, दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया

खदरा निवासी नानकदीन भुर्जी पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी थे। छोटे भाई अरुण गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2006 में समाजवादी सरकार में मुलायम सिंह ने राज्य संपत्ति विभाग से नौकरी छुड़वाकर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया था। नानकदीन पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सलाहकार भी थे। वह हिन्दुस्तान पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे। फिलहाल भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य भाजपा नेताओं के साथ नानकदीन की सोशल मीडिया पर फोटो भी है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsविधायक प्रतिनिधि से पूर्व मंत्री नानकदीन ने बात की और सातवीं मंजिल से कूद गए