लेखपालों ने किया थाना दिवस का बहिष्कार, जांच की मांग
घाटमपुर में एंटी करप्शन कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लेखपालों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। लेखपालों ने इसे गलत बताते हुए भविष्य में ऐसी कार्रवाइयों को रोकने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और कहा कि वे भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करते, लेकिन निर्दोषों के खिलाफ कार्रवाई अस्वीकार्य है।

घाटमपुर। एंटी करप्शन और विजिलेंस टीम द्वारा अयोध्या में लेखपाल के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लेखपालों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। लेखपालों ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए भविष्य में ऐसी कार्रवाइयों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने मुख्यंमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा है। उप्र लेखपाल संघ की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया कि लेखपाल राजस्व विभाग का मेहनती व जनता से सीधे जुड़ा हुआ कर्मचारी है। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाई में कई लोगों की लेखपाल से रंजिश हो जाती है। असंतुष्ट व्यक्ति लेखपाल को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास करते हैं।कहा
कि 20 अगस्त को अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के साथ इसी तरह कार्रवाई हुई, जिससे लेखपाल आहत हैं। इसके चलते 75 जनपदों में 350 तहसीलों में लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार किया। यह भी कहा कि उनका संघ भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता। दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध विरुद्ध कठोर कार्यवाही होनी चाहिए, किन्तु किसी निर्दोष को रंजिश, झूठी शिकायत पर फंसाया जाना स्वीकार्य नहीं है।


