नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख की ठगी, दंपति पर मुकदमा
Bijnor News - नजीबाबाद के मोहित कुमार ने एक दंपति पर नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मोहित का कहना है कि आरोपियों ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कई बार पैसे लिए, लेकिन नौकरी नहीं मिली।

नजीबाबाद निवासी एक युवक ने शहर कोतवाली क्षेत्र के दंपति पर नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आदर्श नगर गली बी-6, नजीबाबाद निवासी मोहित कुमार का आरोप है कि उसकी मुलाकात शांति नगर चक्कर रोड, कोतवाली शहर क्षेत्र निवासी संदीप कुमार और उसकी पत्नी सरिता से हुई थी। दोनों कथित रूप से लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देते थे।
पीड़ित के अनुसार, उसने सिविल कोर्ट स्टाफ में आवेदन किया था, तभी आरोपियों ने उससे संपर्क कर आशुलिपिक पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। मोहित का कहना है कि आरोपियों ने बताया कि इस पद के लिए 15 लाख रुपये खर्च होंगे, लेकिन शुरुआत में उससे चार लाख रुपये ले लिए गए। आरोप है कि 13 अक्तूबर 22 को 25-25 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से सरिता के खाते में डलवाए गए। इसके बाद 8 दिसंबर 22 को 20 हजार रुपये, 11 दिसंबर को 99 हजार रुपये और 13 दिसंबर को 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। पीड़ित का दावा है कि दो लाख रुपये यूपीआई से और दो लाख रुपये नकद दिए गए। पीड़ित के मुताबिक काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो उसे ठगी का एहसास हुआ। जब उसने 13 जनवरी 25 को आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उसके साथ अभद्रता की गई और रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया। मोहित का कहना है कि आरोपियों ने धमकी भी दी कि वे किसी से नहीं डरते। पीड़ित का आरोप है कि जब वह आरोपियों के घर शिकायत लेकर गया तो उनके परिजनों ने भी अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


