
आरोप : दूसरी महिला के चक्कर में पत्नी को दे दिया जहर, हालत गंभीर
Bijnor News - बिजनौर के कांशीराम कॉलोनी में एक विवाहिता गुड़िया ने अपने पति पर दूसरी महिला के चक्कर में जहर देकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। गुड़िया को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में एक विवाहिता के जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पीड़िता ने अपने पति पर दूसरी महिला के चक्कर में जहर देकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। एसडीएम सदर ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खात्रियान स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी विवाहिता गुड़िया पत्नी शारिक को बुधवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में दिए गए बयान में पीड़िता गुड़िया ने बताया कि उसका पति शारिक पुत्र असलम के कॉलोनी की ही एक अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग है और उससे विवाह करना चाहता है। आरोप है कि बुधवार को पति शारिक और उसकी कथित प्रेमिका ने जहरीला खाना बनवाया और उसे गुड़िया को खिला दिया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद गुड़िया की हालत बिगड़ गई। महिला की तबीयत खराब होते देख आसपास के लोगों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। देर रात एसडीएम सदर रितु रानी भी अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पीड़िता के परिजनों ने घटना को लेकर शहर कोतवाली में तहरीर देकर पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. मौ. सुहैल ने बताया कि महिला के फिनाइल पीने की बात सामने आई है। उसका उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। शहर कोतवाल धर्मेन्द्र सोलंकी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




