आबादी के पास पहुंचे जंगली हाथी, वनकर्मियों ने खदेड़ा

आबादी के पास पहुंचे जंगली हाथी, वनकर्मियों ने खदेड़ा

संक्षेप:

Bijnor News - कार्बेट टाइगर रिजर्व के पास यूपी के पुराना कालागढ़ में दो जंगली हाथी अचानक मुख्य मार्ग पर पहुंच गए। लोगों ने हाथियों का वीडियो बनाया और शोर मचाया, जिससे हाथी एक खेत की ओर चले गए। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत करके हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। किसान बताते हैं कि हाथी पहले भी फसलों को नुकसान पहुंचा चुके हैं।

Nov 12, 2025 11:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बिजनौर
share

कार्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे यूपी के पुराना कालागढ़ स्थित मुख्य मार्ग पर जंगली हाथी पहुंच गए। वनकर्मियों ने भारी मशक्कत करके बामुश्किल हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। इस्लामनगर ग्राम पंचायत के पुराना कालागढ़ स्थित मुख्य मार्ग पर अचानक दो जंगली हाथियों के आने से हड़कंप मच गया। हाथियों को देख कर मौके पर लोगों को जमवाड़ा लग गया। मंगलवार को देर शाम ढलते ही दो जंगली हाथी अचानक कालागढ़ में आबादी के समीप आ गए। हाथी कालागढ़ स्थित मुख्य मार्ग पर सूखा स्रोत पुल के करीब पहुंच गए और करीब आधा घंटे तक वहीं जमे रहे। मौके पर एकत्र लोग पुल पर खड़े होकर हाथियों का वीडियो बनाते रहे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शोर शराबा करने पर हाथी सिराजुद्दीन अंसारी के खेत की तरफ चले गए तथा काफी देर तक वहीं खड़े रहे। इसी दौरान भीम सिंह तथा मूला सिंह सहित अनेक लोग आ गए और हाथियों को वहां से खदेड़ा‌। इसके बाद हाथी वहां से सड़क पर होते हुए कालागढ़ झंडा चौक पर पहुंच गए। एक हाथी काफी देर तक मुख्य चौक पर जमा रहा। हाथी की मौजूदगी के चलते चौक पर जाम के हालात पैदा हो गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने भारी मशक्कत करके हाथी को दुर्गा भवन मार्ग से होते हुए जंगल की ओर खदेड़ा। रईस अहमद, शालू अग्रवाल, फय्याज, आमिर तथा जय प्रकाश का कहना है कि हाथी के झण्डा चौक पर पहुंचने यह पहला मौका नहीं है। वहीं किसान आसिफ अंसारी ने बताया कि बीते कई दिन से हाथी खेतों में आकर फसलों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं।