तेज धूप से लोगों को मिली राहत, बाजारों में लौटी रौनक
Bijnor News - शनिवार को जिलेवासियों को शीतलहर और घने कोहरे से राहत मिली। दिन में तेज धूप के साथ अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। हालांकि सुबह और रात में ठंड बनी रही। धूप के कारण बाजारों में चहल-पहल बढ़ी और लोग बाहर निकलकर धूप का आनंद लेने लगे।
लगातार कई दिनों तक शीतलहर और घने कोहरे की मार झेल रहे जिलेवासियों को शनिवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। सुबह के समय हल्की ठंड के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ा, आसमान साफ हुआ और तेज धूप निकल आई। धूप निकलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे और सर्दी से कुछ हद तक निजात मिली। अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दिन के समय ठंड का असर काफी कम हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सापेक्षिक आर्द्रता (आर.एच.) सुबह के समय 92 प्रतिशत और दोपहर बाद 52 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन में नमी कम होने से ठंड का असर भी कम महसूस हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह धूप निकलती रही तो आने वाले दिनों में दिन का तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि सुबह-शाम अभी भी सतर्कता जरूरी हालांकि दिन में मौसम ने राहत दी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। न्यूनतम तापमान कम होने के कारण ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। बीते दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की बढ़ोतरी ने लोगों को दिन में गर्म कपड़ों से कुछ राहत दिलाई। सुबह और रात में ठंड का असर बना रहा, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम सुहावना हो गया। धूप निकलते ही छतों और आंगनों में दिखे लोग तेज धूप निकलते ही शहर और ग्रामीण इलाकों में छतों, आंगनों और खुले स्थानों पर लोग धूप सेकते नजर आए। बुजुर्गों ने कुर्सियां डालकर धूप का आनंद लिया, तो वहीं बच्चों ने खुले में खेलना शुरू कर दिया। महिलाओं ने भी घरेलू कामकाज के साथ-साथ धूप का सहारा लिया। कई लोगों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से हड्डियों तक कंपा देने वाली ठंड से यह धूप किसी वरदान से कम नहीं रही। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल मौसम साफ होने और धूप निकलने का सीधा असर बाजारों में भी देखने को मिला। जहां बीते दिनों ठंड और कोहरे के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता था, वहीं शनिवार को दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई। लोग गर्म कपड़ों, रोजमर्रा के सामान और सब्जियों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। दुकानदारों के चेहरे भी ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से खिले हुए दिखे। कामकाज और आवागमन हुआ आसान धूप निकलने से न केवल बाजारों में रौनक लौटी, बल्कि लोगों के दैनिक कामकाज और आवागमन में भी सहूलियत हुई। सड़कों पर दृश्यता बेहतर रही, जिससे वाहन चालकों को राहत मिली। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी ठंड और कोहरे से कुछ राहत महसूस हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




