बदला मौसमः आंधी से कई स्थानों की विद्युत आपूर्ति ठप
बिजनौर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। तेज आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। किसानों के लिए बारिश फायदेमंद है, लेकिन आम के बागानों को नुकसान हुआ। अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट आई है।
बिजनौर। एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार देर रात तेज आंधी और बारिश से जिले में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली, वहीं जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने कुछ ही देर में पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इससे आवागमन भी प्रभावित हुआ और कई मार्गों पर अस्थायी रूप से जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग नगीना के प्रेक्षक सतीश कुमार ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। बीच-बीच में आंधी और हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
बिजली आपूर्ति ठप, अंधेरे में डूबे इलाके
तेज आंधी का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला। जगह-जगह बिजली लाइनों में फॉल्ट हो गए। तार टूटकर गिर गए। पेड़ टूटकर लाइनों पर गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई। सैकड़ों ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरे। कई इलाकों में बिजली के तार और पोल प्रभावित होने से आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर कस्बों के मोहल्ले और गांव अंधेरे में डूबे रहे। सोमवार सुबह तक भी कुछ क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को पानी और अन्य दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विषम परिस्थितियों में रात में ही बिजली कर्मचारी लाइनों को ठीक करते दिखाई दिए।
फसलों को फायदा, आम के बागानों को नुकसान
किसानों के मुताबिक यह बारिश कुछ फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है, खासकर उन फसलों के लिए जिन्हें नमी की जरूरत थी। हालांकि, तेज आंधी के कारण आम के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर कच्चे आम गिर गए, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
अधिकतम तापमान में आई छह डिग्री की गिरावट
बारिश के बाद अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई और मौसम सुहाना हो गया।
जिले में हुई 24.2 बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 24.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हवा में नमी का स्तर 95 से 72 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे उमस खत्म होकर ठंडक का एहसास बढ़ गया। सुबह और शाम के समय लोगों ने हल्की ठंडी हवाओं का आनंद लिया।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


