शहरों को स्मार्ट व क्लीन बनाने के सपने को पलीता लगा रहे कूड़े के ढेर
Bijnor News - बिजनौर के कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास गंदगी का ढेर लग गया है। प्लांट तो सही चल रहा है, लेकिन कूड़ा ले जाने वाली गाड़ियां रास्ते में कूड़ा गिरा रही हैं। इससे स्थानीय लोग परेशान हैं। बरसात में यह समस्या और बढ़ जाती है। प्रशासन ने सफाई के लिए निरीक्षण की बात कही है।
शहरों को स्मार्ट व क्लीन बनाने के लिए जगह-जगह कूड़ा निस्तारण केंद्र तो बन गए, लेकिन कहीं संयंत्र की मशीनें जंग खा रही हैं तो कहीं धूल फांक रही हैं। कूड़े के ढेर शहर से उठकर इन संयंत्रों के आसपास बड़े ढेरों के रूप में नजर आ रहे हैं। जिला मुख्यालय पर कूड़ा निस्तारण प्लांट बढ़िया चल रहा है तो यहां प्लांट को जाने वाले करीब आठ किलोमीटर के रास्ते पर जगह-जगह कूड़ा नजर आ रहा है। यहां शहर को क्लीन करने का खामियाजा कूड़ा निस्तारण प्लांट के करीब आठ किलोमीटर के रास्ते में पड़ने वाले गांवों के लोग भुगत रहे हैं।
प्लांट तो बढ़िया चल रहा है, लेकिन शहर से कूड़ा लेकर जाने वाली गाड़ियां इस रास्ते पर सड़क पर दूर तक कूड़ा बिखेरती जाती हैं। इस गंदगी से लोग परेशान हैं। बिजनौर नगरपालिका परिषद की ओर से गंगदासपुर के निकट करीब 22 बीघे जमीन में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगा हुआ है, ताकि न सिर्फ कूड़े के अम्बारों से निजात मिल सके, बल्कि मशीनों के जरिए गीला व सूखा कूड़ा अलग कर रिसाइकिल योग्य पदार्थों को रिसाइकिल कर उन्हें बेचकर पालिका की आमदनी बढ़ाई जा सके। रिसाइकिल वाला एमआरएफ प्लांट भी चल रहा है। कूड़े की छंटाई मैनुअल भी कराई जा रही है। कबाड़ की बिक्री का काम भी हो रहा है। यह तो हुआ एक पहलू, दूसरा पहलू इस मार्ग पर किलोमीटरों तक फैली गंदगी है। क्षेत्रवासियों के अनुसार बिजनौर से गंगदासपुर तक करीब आठ किलोमीटर के रास्ते पर कूड़ा ढोने वाली गाड़ियां पूरे रास्ते में कूड़ा गंदगी गिराते हुए जाती हैं। कभी भी कोई इस रास्ते पर आकर इसे देख सकता है। दोनों ओर गंदगी दूर तक जगह-जगह पड़ी दिखाई देती है। बरसात में यह गंदगी और भी परेशानी का सबब बनती है। ऊपर से इस इलाके में मिट्टी के रात दिन खनन में लगे डम्फर गुजरने से सड़क खराब होने के साथ ही सड़क पर मिट्टी बारिश में कीचड़ का सबब भी बन रही है। वर्जन: कूड़ा निस्तारण प्लांट के मार्ग पर सप्ताह में एक बार झाड़ू लगवाई जाती है। इस सम्बंध में निरीक्षण भी किया जाएगा व सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया जाएगा। विकास कुमार अधिशाासी अधिकारी नगरपालिका परिषद, बिजनौर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




