
तलाश : शादी के बर्तन लेकर लापता हुआ युवक
Bijnor News - सोशल मीडिया पर एक युवक अदनान की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसने मियां वाली मस्जिद से शादी के बहाने बर्तन उधार लिए थे। 30 दिसंबर को बर्तन लेने के बाद युवक ने एक नंबर दिया था, जो अब बंद है। स्थानीय लोग उसकी तलाश कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपीलें साझा कर रहे हैं।
इन दिनों सोशल मीडिया पर हैरान कर देने वाली सूचना तेजी से वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में एक युवक का फोटो साझा करते हुए लोगों से पहचान और जानकारी देने की अपील की जा रही है। मामला मोहल्ला कस्बा स्थित मियां वाली मस्जिद से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां से युवक शादी के नाम पर बर्तन ले गया, लेकिन तय समय बीत जाने के 15 दिन बाद भी बर्तन वापस नहीं किए गए। वायरल संदेश के अनुसार युवक ने अपना नाम अदनान पुत्र रिहान, निवासी पीर का बाजार बताया था। युवक 30 दिसंबर को शादी का हवाला देकर मस्जिद से बर्तन ले गया था।
जाते समय उसने एक मोबाइल नंबर भी लिखवाया ताकि जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जा सके। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब वही नंबर लगातार बंद या स्विच ऑफ आ रहा है और युवक का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। बर्तन न लौटाए जाने और संपर्क न हो पाने के बाद मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। मस्जिद से जुड़े लोग और स्थानीय नागरिक युवक की तलाश में सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। व्हाट्सऐप और फेसबुक पर युवक की फोटो के साथ अपीलें साझा की जा रही हैं, ताकि कोई उसे पहचान सके या उसके बारे में जानकारी दे सके। लोगों का कहना है कि मामला भले ही बर्तनों का हो, लेकिन इस तरह विश्वास तोड़कर गायब होना चिंता का विषय है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि युवक स्वयं सामने आएगा या कोई उसकी सही जानकारी उपलब्ध कराएगा। फिलहाल यह मामला लोगों के बीच चर्चा और जिज्ञासा का विषय बना हुआ है, और सोशल मीडिया “खोज अभियान” में तब्दील हो चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




